पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस
पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और उनके परिवार को उनकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में पप्पू यादव ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और उनके परिवार को उनकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में पप्पू यादव ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

सांसद कार्यालय की ओर से नई दिल्ली के डीसीपी को भेजे गए पत्र के अनुसार, 28 जुलाई को 'पप्पूयादवडॉटओआरजी' वेबसाइट के शिकायत पोर्टल पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गईं। शिकायत में सांसद को गोली मारकर हत्या करने और उनके पूरे परिवार को बम से उड़ा देने की खुली धमकी दी गई है।

पत्र में कहा गया है कि धमकी भेजने वाले ने अपना नाम मुकेश मिश्रा बताया है। शिकायत में मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और आधार संख्या है। साथ ही पता मधुबनी, बिहार दर्ज किया गया है।

सांसद के कार्यालय ने पत्र में लिखा कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए इसे सीधे डीसीपी स्तर पर संबोधित किया जा रहा है, ताकि त्वरित जांच और कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। पत्र में अनुरोध किया गया है कि उपरोक्त तथ्यों के आधार पर संबंधित थाने में तत्काल प्रभाव से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए और जांच की प्रगति से कार्यालय को अवगत कराया जाए।

साथ ही सांसद और उनके परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निवारक और सुरक्षात्मक कदम उठाने का भी आग्रह किया गया है। पत्र में कहा गया है कि एक जनप्रतिनिधि और उनके परिजनों को इस तरह की सार्वजनिक धमकी मिलना बेहद चिंताजनक है और इससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव बीते कुछ समय से बिहार और राष्ट्रीय मुद्दों पर मुखर हैं। उनके बयानों और सामाजिक कार्यों के कारण वे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।

पुलिस साइबर सेल की मदद से आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल, वेबसाइट के सर्वर लॉग, शिकायत पोर्टल पर दर्ज विवरण और दिए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 July 2026 12:01 AM IST

Tags

Next Story