पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास, ये केंद्र सरकार का विजन प्रधानमंत्री मोदी

पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास, ये केंद्र सरकार का विजन प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा सरकार के 2 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य के मयूरभंज में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का विजन है कि पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास हो।

मयूरभंज, 20 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा सरकार के 2 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य के मयूरभंज में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का विजन है कि पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास हो।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार का विजन है- पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास। इसलिए हम पूर्वोदय की नीति पर काम कर रहे हैं। जिस पूर्वी भारत को कांग्रेस के दौर में पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था, आज वह प्रगति का प्रवेश द्वार बन रहा है। आज ओडिशा खुद इस बदलाव का साक्षी बन रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा की भाजपा सरकार ने अपने 2 साल भी पूर्ण किए हैं। इस मौके पर आप सबके बीच आना, मयूरभंज आने का ये सौभाग्य और इतनी बड़ी संख्या में आप सबकी उपस्थिति, ये अवसर मेरे लिए बहुत खास है। आपका अपनापन मुझे बार-बार यहां खींच लाता है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की जनता को डबल इंजन सरकार में विकास यात्रा की भी बधाई व शुभकामनाएं देता हूं।

पंडित रघुनाथ मुर्मू को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने संथाली भाषा के लिए 'ओल चिकी' लिपि विकसित की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने संथाली भाषा में भारत के संविधान को प्रस्तुत किया है। ओडिशा की संतानों को पद्म सम्मान देकर सम्मानित किया है। पिछले 2 सालों में ओडिशा सरकार भी यहां की महान विभूतियों के सपनों को पूरा करने के लिए दिनरात पुरुषार्थ कर रही है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा, "आज का ये अवसर इसलिए भी विशेष है, क्योंकि मयूरभंज की धरती पर पली-बढ़ी माननीय राष्ट्रपति हमारे बीच उपस्थित हैं। आज उनका जन्मदिन भी है। मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैं उनके दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।"

द्रौपदी मुर्मु की प्रशंसा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा की बेटी आज देश के इतने बड़े पद पर पहुंची है और हमारा मार्गदर्शन कर रही हैं। यह हम सबके लिए बहुत गौरव की बात है। राष्ट्रपति जी का व्यक्तित्व, उनका उदार और सहृदय स्वभाव, राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए उनके अटूट समपर्ण से उन्होंने मयूरभंज ही नहीं, बल्कि पूरे ओडिशा की पहचान सशक्त की है।

इस दौरान, पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां ओडिशा के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इन परियोजनाओं पर लगभग 47 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, रेलवे और शिक्षा से जुड़ी इन परियोजनाओं से आप सभी लोगों को बहुत सुविधाएं मिलने वाली है।

उन्होंने कहा कि पहाड़पुर गांव को अब तेजी से सोलर विलेज के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसका मतलब है कि यहां हर घर तक सोलर पावर की सुविधा पहुंचाई जाएगी। ओडिशा के कोणार्क सूर्य मंदिर की एक खास पहचान है। उसी तरह, पहाड़पुर भी 'सोलर विलेज' के तौर पर अपनी पहचान बनाएगा। इससे गांव वालों को मुफ्त बिजली मिलेगी और जो अतिरिक्त बिजली बनेगी, वह उनके लिए कमाई का जरिया बनेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में हमारे सामने 2 महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। 2036 में ओडिशा के गठन के 100 वर्ष पूर्ण होंगे और 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होंगे। यानी ओडिशा और देश का लक्ष्य एक ही दिशा में है। ओडिशा की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, तो भारत मजबूत होगा। मुझे ओडिशा के सामर्थ्य पर भरोसा है। हमें मिलकर ओडिशा को विकास की बुलंदियों पर पहुंचाना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Jun 2026 3:21 PM IST

Tags

Next Story