राहुल गांधी देश में अफवाह फैला रहे, कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रही अरुण साव
रायपुर, 24 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी पर देश में अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रही है और लोगों को गुमराह कर रही है।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी देश में अफवाह फैलाने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर पाए हैं और न ही उस पद की गरिमा बनाए रख पाए हैं।
अरुण साव ने कहा कि विपक्ष को जनता के मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी लगातार भ्रामक जानकारी फैलाने में लगे हुए हैं। जनता जागरूक हो चुकी है। इससे कुछ नहीं होने वाला है। जनता को भी पता चल गया है कि कौन सी सरकार विकास कर सकती है।
केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू. केलकर को मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का सचिव नियुक्त किए जाने के मुद्दे पर भी अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ नेता केवल अपने राजनीतिक हित और सुविधा के अनुसार फैसले लेते हैं। साव ने ऐसे नेताओं को अवसरवादी बताते हुए कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों का पालन होना चाहिए।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए अरुण साव ने कहा कि उन्हें अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी अंदरूनी कलह और नेतृत्व संघर्ष से जूझ रही है। पार्टी के भीतर अलग-अलग गुट सक्रिय हैं, जहां कुछ नेता अपने समर्थकों को दिल्ली भेजना चाहते हैं, जबकि कुछ नए मुख्यमंत्री की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने आंतरिक विवाद सुलझाने चाहिए।
डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन पर निशाना साधते हुए अरुण साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत और मजबूत नेतृत्व के कारण आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। कई पीढ़ियों के समर्पण और त्याग से पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 May 2026 8:48 PM IST












