देश की राजनीति को समझने में कमजोर रहे हैं राहुल गांधी श्रवण कुमार
पटना, 30 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पार्ट टाइम नेता बताने पर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने नितिन नवीन के बयान का समर्थन किया और राहुल गांधी पर तंज कसा।
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, "राहुल गांधी में अनुभव की कमी है, नहीं तो वे कहां से कहां पर होते? कई बार देश की राजनीति में उनसे चूक हो चुकी है और वह लगातार चूक करते जा रहे हैं। जिसके कारण वह पिछड़ते जा रहे हैं। न उन्हें समय की पहचान हैं और न ही उन्हें व्यक्ति की पहचान है और न देश के बारे में कुछ अच्छी समझ है।"
श्रवण कुमार ने इसके अलावा भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "कहीं पर कोई गड़बड़ी, कोई दुर्घटना या कोई घटना होती है, तो उसकी जांच के लिए सरकार काम करती है। मामले को लेकर सरकार तत्परता दिखाती है और मामले को संज्ञान में लेती है। इस मामले की भी जांच हो रही है, जब तक जांच नहीं हो जाती, तब तक हमारे लिए कोई बात कहना मुनासिब नहीं है। एक बात को पूरे दावे से कह सकता हूं कि जिन लोगों ने गड़बड़ी किया होगा, वो किसी भी हालत में बचने वाले नहीं है।"
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई से इंकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट जाने को कहा है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की थी। याचिका में सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अगुवाई में एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने की भी मांग की गई थी। इसके साथ ही एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता का आरोप है कि भारत भूषण तिवारी की मौत एक हत्या का मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Jun 2026 5:52 PM IST












