राहुल गांधी पर कंगना रनौत का बयान उचित नहीं नाना पटोले
मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता नाना पटोले ने भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वह कलाकार नहीं, सांसद हैं और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दिया गया बयान उचित नहीं है।
मुंबई में कांग्रेस नेता नाना पटोले ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कंगना रनौत के बारे में ज्यादा बोलना उचित नहीं है, क्योंकि वह एक महिला हैं और महिलाओं का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। राहुल गांधी क्या पहनें, यह तय करने का अधिकार कंगना रनौत को नहीं है। आजादी की लड़ाई के समय महात्मा गांधी धोती पहनते थे। तब भी अंग्रेजों ने उनकी आलोचना की थी, लेकिन उन्होंने ही देश को आजादी दिलाई। आज देश को भाजपा के प्रभाव से बाहर निकालने के लिए राहुल गांधी लगातार प्रयास कर रहे हैं और देश की जनता को समझा रहे हैं। कंगना रनौत जिस तरह से बयान दे रही हैं, उनके लिए कितना अच्छा या बुरा है, मैं नहीं कहूंगा। वह सांसद हैं, कलाकार नहीं हैं। बयान देने से पहले उन्हें सोचना चाहिए।
उन्होंने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर तंज कसते हुए कहा कि शिंदे साहब की खुद की हालत खराब है। भाजपा ने क्या परिस्थितियां बना रखी हैं, यह अब शिंदे साहब के रहन-सहन से साफ दिखाई दे रही है। मुझे लगता है कि वह इस तरह की बातें करके लोगों को गुमराह न करें। महाराष्ट्र में गैस की समस्या बढ़ती जा रही है और लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। होटल बंद हो रहे हैं और उद्योग भी प्रभावित हो रहे हैं। गैस के लिए लोगों को लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। सरकार धमका रही है कि अगर तस्वीर दिखाई तो कार्रवाई करेंगे। क्या लोकतंत्र खत्म हो गया है?
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हिटलरशाही आ गई। मीडिया सच्चाई दिखा रही है। इस स्थिति पर शिंदे को दिखाई देनी चाहिए। वह दिल्ली में जाकर बताते हैं कि सीएम देवेंद्र फडणवीस उन पर अत्याचार करते हैं। मुझे नहीं लगता कि भाजपा सीएम देवेंद्र फडणवीस को हटाकर एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाएगी।
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने दावा किया है कि कुछ बड़ा खेला होने की संभावना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 7:17 PM IST












