रायगढ़ में सड़क हादसा, पिकअप के खाई में गिरने से 20 से अधिक लोग घायल, एक की मौत

रायगढ़ में सड़क हादसा, पिकअप के खाई में गिरने से 20 से अधिक लोग घायल, एक की मौत
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वाताल घाट पर तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर खाई में गिर गई, जिससे पिकअप में सवार 25 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

रायगढ़, 26 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वाताल घाट पर तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर खाई में गिर गई, जिससे पिकअप में सवार 25 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, छाल थाना क्षेत्र के बंगुररसुता गांव से राठिया समाज के करीब 25 से 30 लोग पिकअप में सवार होकर कापू थाना क्षेत्र के गोसाईपोड़ी सगाई कार्यक्रम में गए थे। सगाई कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी पिकअप से बंगरसुता समारोह लौट रहे थे।

इसी दौरान मड़वाताल घाट पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए बचाव कार्य में जुट गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को कापू अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरी तरफ तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को रायगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार कापू और धरमजयगढ़ में जारी है।

बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार कई लोगों के सिर में चोट आई है। इसके अलावा कई लोगों के शरीर पर भी गहरा जख्म है। घटनास्थल पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में देर रात तक जुटे रहे। वहीं, हादसा होने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में घायल लोगों ने दुर्घटना की वजह पिकअप वाहन का ब्रेक फेल होना बताया है। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

--आईएएनस

ओपी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Feb 2026 9:38 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story