राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित हुए सलीम खान, पत्नी हेलेन ने जताया आभार
मुंबई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार ने मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान को हाल ही में प्रतिष्ठित स्वर्गीय राज कपूर जीवन गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया है। सलीम खान की दूसरी पत्नी और अभिनेत्री हेलेन ने अवॉर्ड मिलने पर उनकी तरफ से शुक्रिया अदा किया।
सलीम खान की ओर से यह सम्मान स्वीकार करने के बाद मीडिया से बात करते हुए हेलेन ने कहा कि यह अवॉर्ड दिग्गज लेखक सलीम खान के लिए एक खास पल है, जिन्होंने हिंदी सिनेमा में अविश्वसनीय योगदान दिया है।
मीडिया ने अभिनेत्री से पूछा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान की खबर मिलने के बाद सलीम खान का क्या रिएक्शन था? हेलेन ने कहा कि उन्होंने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जो उनसे प्यार करते हैं और उनका साथ देते आए हैं।
हेलेन ने कहा कि वह उनकी ओर से यह सम्मान पाकर आभारी हैं। उन्होंने कहा, "मैं सलीम साहब के लिए इस अवॉर्ड के लिए आभारी हूं। उनकी सभी फिल्में मेरी पसंदीदा हैं। उनकी सेहत बहुत अच्छी है। वह बहुत मजबूत इंसान हैं और आप सभी को, पूरे महाराष्ट्र और पूरे भारत को अपनी शुभकामनाएं भेजते हैं।"
सलीम खान हिंदी सिनेमा के एक प्रसिद्ध स्क्रीनराइटर (पटकथा लेखक) और अभिनेता हैं, हालांकि उन्होंने बॉलीवुड की कुछ फिल्मों में साइड रोल ही किए हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर अभिनेता की थी। इसमें बड़ा मुकाम न मिलने पर उन्होंने लेखन की तरफ रुख किया।
हेलेन और सलीम खान की बात करें तो वे पहली बार 1963 की फिल्म काबली खान में प्रोफेशनली मिले थे, जिसमें हेलेन ने फीमेल लीड रोल किया था, जबकि सलीम विलेन के रोल में थे।
सलीम खान और हेलन की पहली मुलाकात 1960 के दशक में फिल्मों के सेट पर हुई थी। साथ समय बिताने से उनकी यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई, लेकिन सलीम खान शादीशुदा था। सलीम खान की पहली शादी साल 1964 में सुशीला चरक (सलमा खान) से हुई थी, जिनसे उनके चार बच्चे सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा हैं। साल 1981 में सलीम ने हेलन से शादी कर ली। इस फैसले से पहली पत्नी सलमा खान और उनके बच्चे काफी आहत और नाराज हुए थे। समय के साथ सलमा खान ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 8:58 AM IST












