राजनीति: कर्नाटक सरकार अक्षम और असंवेदनशील भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर

बेंगलुरु, 6 जून (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव चंद्रशेखर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कर्नाटक के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस मामले में सरकार की कार्रवाई को अपर्याप्त बताया।
चंद्रशेखर ने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार देश की सबसे अक्षम, भ्रष्ट और असंवेदनशील सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेंशनभोगी अपनी पेंशन के लिए संघर्ष कर रहे हैं और किसान आत्महत्या से बचने के लिए जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में बड़े-बड़े वादे कर लोगों को ठगा और सत्ता हासिल की।
चंद्रशेखर ने हाल की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की जीत का जश्न चल रहा था, तब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री स्टेडियम में बैठकर उत्सव मना रहे थे।
उन्होंने सवाल उठाया कि उनकी जीत में सरकार की क्या भूमिका थी। इस दौरान पुलिस और सुरक्षाकर्मी उनकी सुरक्षा में तैनात थे, जबकि बाहर प्रशंसक, जो सालों से टीम का समर्थन कर रहे थे, कुचलकर मारे गए और गंभीर रूप से घायल हुए।
चंद्रशेखर ने इस घटना को सरकार की लापरवाही और संवेदनशीलता की कमी का उदाहरण बताया। उन्होंने हैरानी जताई कि जिस दिन यह त्रासदी हुई, उसी दिन उपमुख्यमंत्री ने पुलिस की तारीफ की। बेंगलुरु के प्रभारी मंत्री होने के नाते उपमुख्यमंत्री 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस की प्रशंसा कैसे कर सकते हैं? उन्होंने इसे मूर्खतापूर्ण और पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति की कमी बताया।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों का निलंबन जनता के दबाव और कर्नाटक भाजपा के प्रयासों का नतीजा है, जो पीड़ित परिवारों के लिए आवाज उठा रही है।
हालांकि, उन्होंने इसे नाकाफी बताया और मांग की कि गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री को अपनी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
चंद्रशेखर ने कहा कि सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें चूक के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
चंद्रशेखर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र और पालघर जैसी घटनाओं पर 'एक्स' पोस्ट करते हैं, लेकिन कर्नाटक में 11 पीड़ितों की मौत पर चुप क्यों हैं? राहुल गांधी ने इस त्रासदी पर कुछ नहीं कहा और कर्नाटक सरकार को जवाबदेह ठहराने की मांग नहीं की। चंद्रशेखर ने इसे कांग्रेस का दोहरा मापदंड और पाखंड करार दिया, चाहे वह कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश या देश के किसी अन्य हिस्से में हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू-कश्मीर दौरे और रेलवे परियोजनाओं पर कांग्रेस की आलोचना के जवाब में चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस के पास कहने को कुछ नहीं है, इसलिए वे सिर्फ आलोचना करते हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने अंजी ब्रिज और चिनाब ब्रिज जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स पूरे किए, जो सालों से अधूरे थे। इन परियोजनाओं ने जम्मू-कश्मीर को देश के हृदय से जोड़ा है। पीएम मोदी ने हाईवे, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और आधुनिक ट्रेनों के जरिए दूरदराज के इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ा, जिससे स्थानीय और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला।
चंद्रशेखर ने विश्व पर्यावरण दिवस के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार के एक मंत्री ने राज्यपाल के कार्यक्रम का बहिष्कार किया, क्योंकि उन्हें भारत माता की तस्वीर पसंद नहीं थी। उन्होंने कहा कि भारत माता हमारा देश है और इसे हमेशा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने सीपीएम पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि मुस्लिम मलयाली भी भारत को अपनी पवित्र भूमि मानते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Jun 2025 3:14 PM IST