राजौरी की ऐतिहासिक भैरव यात्रा को मिली राष्ट्रीय पहचान, देश की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में किया गया शामिल
श्रीनगर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजौरी जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए जानकारी दी कि राजौरी की ऐतिहासिक भैरव यात्रा को आधिकारिक रूप से भारत की राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल कर लिया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए मनोज सिन्हा ने इस उपलब्धि के लिए राजौरी जिला प्रशासन और जम्मू-कश्मीर संस्कृति विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान इस क्षेत्र की गहरी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, दस्तावेजीकरण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उपराज्यपाल ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान उन पीढ़ियों की आस्था और समर्पण का भी सम्मान है, जिन्होंने सदियों से इस परंपरा को जीवित रखा। भैरव यात्रा को राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल किए जाने से राजौरी की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही इससे शोध, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सतत विरासत पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बता दें कि राजौरी भैरव यात्रा जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र का सदियों पुराना और बेहद लोकप्रिय आध्यात्मिक उत्सव है, जो मुख्य रूप से होली पर्व के अवसर पर मनाया जाता है। यह यात्रा अपनी अनोखी परंपराओं और धार्मिक आस्था के लिए जानी जाती है।
इस यात्रा की सबसे खास बात यह है कि एक श्रद्धालु बाबा भैरव देव का स्वरूप धारण करता है। उसके पूरे शरीर पर काला रंग लगाया जाता है और वह भव्य शोभायात्रा का नेतृत्व करता है। यात्रा के दौरान वह श्रद्धालुओं को प्रतीकात्मक रूप से चिमटे से हल्का स्पर्श करता है। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि इससे सौभाग्य, सुरक्षा और बाबा भैरव का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
इस ऐतिहासिक यात्रा को भारत की राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल करने का यह सम्मान न केवल इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस अनमोल परंपरा के संरक्षण और संवर्धन का मार्ग भी प्रशस्त करता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 3:22 PM IST












