रक्षा मंत्रालय का नया भवन, राजनाथ सिंह ने नवनिर्मित कार्यालय में किया प्रवेश

रक्षा मंत्रालय का नया भवन, राजनाथ सिंह ने नवनिर्मित कार्यालय में किया प्रवेश
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने नवनिर्मित आधिकारिक कार्यालय में प्रवेश किया है। यह कार्यालय रक्षा मंत्रालय के नए भवन में है। रक्षा मंत्रालय का यह भवन कर्तव्य भवन-2 में स्थित है। कर्तव्य भवन-2 में बनाया गया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह कार्यालय अत्याधुनिक प्रशासनिक परिसर है।

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने नवनिर्मित आधिकारिक कार्यालय में प्रवेश किया है। यह कार्यालय रक्षा मंत्रालय के नए भवन में है। रक्षा मंत्रालय का यह भवन कर्तव्य भवन-2 में स्थित है। कर्तव्य भवन-2 में बनाया गया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह कार्यालय अत्याधुनिक प्रशासनिक परिसर है।

रक्षा मंत्री ने गुरुवार को अपने इस नए कार्यालय में औपचारिक रूप से प्रवेश किया। इस अवसर को रक्षा मंत्रालय के कार्य संचालन में दक्षता, समन्वय और आधुनिकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह नया कार्यालय स्टेट-ऑफ-द-आर्ट व आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। उन्होंने गुरुवार को स्वयं यह जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा मंत्रालय के नए भवन, कर्तव्य भवन-2 में स्थित अपने कार्यालय में गुरुवार को प्रवेश किया है। इस दौरान भवन में प्रवेश करने पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने उनका स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने नए कार्यालय में प्रवेश के बाद कहा, "इस स्टेट-ऑफ-द-आर्ट भवन में रक्षा मंत्रालय नई ऊर्जा और पूरी प्रतिबद्धता के साथ भारत के सुरक्षा चक्र को और अधिक मजबूत करने का काम करता रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का रक्षा कवच और अधिक सुदृढ़ बनेगा, यही हमारा संकल्प है।"

विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे भवन व वातावरण में कार्य करने से मंत्रालय को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रक्षा मंत्रालय इस नए वातावरण में पूरी प्रतिबद्धता के साथ देश की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने दोहराया कि भारत का रक्षा तंत्र निरंतर सुदृढ़ हो रहा है और इसे और मजबूत बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कर्तव्य भवन-2 को आधुनिक प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। इस भवन में उन्नत संचार सुविधाएं, बेहतर कार्यस्थल व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक ढांचा उपलब्ध कराया गया है। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है।

रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, नए भवन में स्थानांतरित होने से विभिन्न शाखाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा, जिससे नीतिगत फैसलों के क्रियान्वयन में गति आएगी। इसके साथ ही, आधुनिक तकनीकी सुविधाएं कार्यकुशलता को बढ़ाने में सहायक होंगी।

इस अवसर पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। यह बदलाव न केवल भौतिक अवसंरचना के उन्नयन का प्रतीक है, बल्कि कार्य संस्कृति में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कर्तव्य भवन-2 स्थित अपने कार्यालय में प्रवेश से पहले रक्षा मंत्री ने यहां विधिवत रूप से पूजा की। इसके बाद उन्होंने नए कार्यालय में कार्यभार संभाला। यह नया भवन भारत की रक्षा व्यवस्था को अधिक सक्षम, संगठित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप ढालने के संकल्प को दर्शाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 2:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story