राम गोविंद चौधरी समाजवादी विचारों के 'प्रकाश-स्तंभ' थे अखिलेश यादव
लखनऊ, 26 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी के निधन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक जताते हुए उन्हें समाजवादी विचारधारा का 'प्रकाश-स्तंभ' बताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी ने महान स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी मार्गदर्शक जय प्रकाश नारायण तथा पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की अगुवाई में समाजवादी मूल्यों, सिद्धांतों और लक्ष्यों की मशाल सदैव प्रज्ज्वलित रखी।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को जारी विस्तृत शोक संदेश में कहा कि बलिया की क्रांतिकारी धरती से छात्र राजनीति के कठिन मार्ग से निकलकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तक पहुंचे राम गोविंद चौधरी की आवाज और उनके तर्कों का सदन में हमेशा सम्मान हुआ। सामाजिक न्याय के पुरोधा के रूप में वह जीवनभर संघर्षरत रहे और उन्होंने जनपक्ष को हमेशा सबसे पहले और ऊपर रखा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में राम गोविंद चौधरी ने उस समय भी अपनी आवाज बुलंद रखी, जब सदन में सपा के 50 विधायक भी नहीं थे। जब गोविंद चौधरी सदन में बोलते थे तो पूरा सदन उन्हें शांति और गंभीरता से सुनता था। उनके प्रखर वाचन और सत्यनिष्ठा से सदन सीख भी लेता था।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि राम गोविंद चौधरी की जमीनी पकड़ और जनता से गहरे जुड़ाव ने उन्हें सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक सामाजिक राजनीति की एक सक्रिय पाठशाला बना दिया था। उन्होंने संवैधानिक, लोकतांत्रिक, समाजवादी और पंथनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा के साथ स्वतंत्रता, समता तथा व्यक्ति की गरिमा और प्रतिष्ठा के लिए निर्भय होकर संघर्ष करने की सीख दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा में एक सशक्त समाजवादी नेतृत्व के रूप में राम गोविंद चौधरी की भूमिका सदैव एक दिग्दर्शक की रही। 'नेताजी' मुलायम सिंह यादव और राम गोविंद चौधरी का साथ समाजवादी संकल्पों की पूर्ति के संघर्ष में हमेशा एकजुट रहा। राम गोविंद चौधरी का जाना समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। अब पार्टी के कार्यकर्ताओं और समाजवादियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने 'बड़ों के लक्ष्यों' की पूर्ति के लिए पूरे समर्पण और संकल्प के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ें।
अखिलेश यादव ने अपने संदेश के अंत में राम गोविंद चौधरी को पुन: भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार और संघर्ष समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
-- आईएएनएस
विकेटी/वीकेयू
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Sept 2026 2:54 PM IST












