श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ बने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, गांव में जश्न का माहौल
देवरिया, 2 सितंबर (आईएएनएस)। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ के तौर पर पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति से उनके पैतृक गांव भोपतपुरा में खुशी का माहौल है। करीब 39 वर्षों तक भारतीय वायु सेना में सेवाएं देने वाले जितेंद्र मिश्रा की इस अहम जिम्मेदारी पर गांव के लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं।
जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए एक ग्रामीण ने कहा कि यह उनके क्षेत्र और जिले के लिए बेहद गौरवशाली पल है। राम जन्मभूमि विश्व स्तर पर आस्था और पहचान का केंद्र है और ऐसे महत्वपूर्ण संस्थान में उनके गांव के व्यक्ति को सीईओ की जिम्मेदारी मिलना गर्व की बात है।
ग्रामीण ने बताया कि वह जितेंद्र मिश्रा के चाचा श्रीराम प्यारे मिश्रा से मिलने और अपनी खुशी व्यक्त करने के लिए भोपतपुरा पहुंचे। श्रीराम प्यारे मिश्रा मालवीय इंटर कॉलेज में बड़े बाबू रहे हैं और उनके सानिध्य में उनकी शिक्षा-दीक्षा हुई है।
एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पूरे गांव और जिले के लिए खुशी की बात है। जितेंद्र मिश्रा पश्चिमी वायु कमान में वरिष्ठ जिम्मेदारी से सेवानिवृत्त हुए हैं। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए ग्रामीण ने दावा किया कि इस दौरान एयर ऑपरेशन उनके नेतृत्व में हुआ और उन्होंने जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा 'सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल' से सम्मानित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जितेंद्र मिश्रा 27 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए थे और इसके कुछ समय बाद ही उन्हें राम जन्मभूमि ट्रस्ट के सीईओ की अहम जिम्मेदारी मिली। ग्रामीण ने उन्हें निर्भीक और कार्यकुशल अधिकारी बताते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सैन्य सेवा के दौरान उन्हें 'विशिष्ट सेवा मेडल' और 'अति विशिष्ट सेवा मेडल' से भी सम्मानित किया जा चुका है।
जितेंद्र मिश्रा के चाचा ने कहा कि परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे क्षेत्र के लोगों में इस नियुक्ति को लेकर विशेष खुशी है। जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में एयर मार्शल के पद से ईमानदारी के साथ सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने अपने भतीजे को ईमानदार और सक्रिय व्यक्ति बताते हुए उम्मीद जताई कि वह राम जन्मभूमि ट्रस्ट के सीईओ की नई जिम्मेदारी भी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इतने बड़े पद पर गांव के व्यक्ति के पहुंचने से क्षेत्र को भी पहचान मिलेगी और गांव के विकास को लेकर नई उम्मीदें पैदा होंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2026 11:46 PM IST












