राम मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्र का इस्तीफा, अगली बैठक में होगा फैसला
अयोध्या, 27 जून (आईएएनएस)। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा विवाद पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (न्यास) ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि श्रीराम मंदिर से जुड़ी हाल की घटनाओं से ट्रस्ट स्तब्ध, आहत और अत्यंत दुखी है। ट्रस्ट ने कहा कि वह समस्त रामभक्तों के प्रतिनिधि के रूप में मामले की न्यायपूर्ण जांच और श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
ट्रस्ट ने बताया कि उसके महामंत्री चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्र से त्यागपत्र प्राप्त हो गए हैं। इन त्यागपत्रों पर ट्रस्ट की आगामी बैठक में विचार किया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने उन श्रद्धालुओं को भी आश्वस्त किया है, जिन्होंने चांदी की ईंटें, आभूषण और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं भगवान श्रीराम की सेवा के लिए ट्रस्ट के अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से सौंपी थीं। ट्रस्ट ने कहा कि ऐसी सभी वस्तुएं सुरक्षित हैं और उनका पूरा हिसाब उपलब्ध है।
दानपात्रों से प्राप्त राशि से जुड़े मामले पर ट्रस्ट ने कहा कि उसके अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ट्रस्ट ने कहा कि भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने यह भी कहा कि असामाजिक, अधार्मिक और स्वार्थी तत्वों द्वारा सनातन धर्म पर लांछन लगाने के प्रयास सफल नहीं होने दिए जाएंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे भ्रामक और निराधार अफवाहों से बचें तथा दूसरों को भी ऐसी अफवाहों का शिकार न होने दें।
विज्ञप्ति के अंत में ट्रस्ट ने विश्वास जताया कि सत्य की जीत होगी, वर्तमान संकट समाप्त होगा और श्रीराम भक्ति की धारा निरंतर प्रवाहित होती रहेगी। यह प्रेस विज्ञप्ति श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (न्यास) के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्ददेव गिरि की ओर से जारी की गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 4:49 PM IST












