रामलीला केवल आयोजन नहीं, सामाजिक सद्भाव का संदेश है रविंदर इंद्राज सिंह
नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के बवाना में रविवार को रामलीला के भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा विधायक रविंदर इंद्राज सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और एमसीडी मेयर प्रवेश वाही शामिल हुए। इस दौरान आईएएनएस से बात करते हुए रविंदर इंद्राज सिंह ने कहा, "यह भूमि पूजन नहीं, उस सामाजिक सद्भाव की भावना को दर्शाता है जो हम रामायण और भगवान राम से सीखते हैं।
भाजपा विधायक रविंदर भगवान राम केवल एक व्यक्ति नहीं थे, वे एक आदर्श व्यक्तित्व थे। शुरू से ही यह स्पष्ट था कि वे दिव्य थे। फिर भी उन्होंने अपना जीवन बिल्कुल साधारण मानव की तरह जिया। किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि उनका आचरण और उनके मूल्य एक ऐसा आदर्श बन जाएंगे जिसे हर व्यक्ति और हर परिवार अपनाना चाहेगा कि अगर हमारे घर में कोई बच्चा पैदा हो, तो वह राम जैसा हो, उसका आचरण, स्वभाव और मूल्य भगवान राम जैसे हों।"
रविंदर इंद्रज सिंह ने कहा, "रामलीला के लिए आज भूमि पूजन हुआ। इसमें गरीब से गरीब और अमीर से अमीर व्यक्ति भी शामिल हुआ। यहां सभी लोग सेलिब्रिटी हैं, क्योंकि सभी राम भक्त हैं। जो लोग आज के भूमि पूजन में शामिल नहीं हो पाए, उन्होंने भी अपनी शुभेच्छाएं भेजी हैं।"
उन्होंने रामानंद सागर की रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल का जिक्र करते हुए कहा कि राम के किरदार को जिस तरह से लोगों के सामने प्रस्तुत किया गया, उससे देशभर के लोगों को भगवान राम के चरित्र और जीवनशैली को समझने का अवसर मिला। अरुण गोविल का नाम लेते ही आज भी कई लोगों के मन में भगवान राम की छवि उभर आती है।
रविंदर इंद्रज सिंह ने कहा कि बवाना क्षेत्र में रामलीला का यह आयोजन स्थानीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण है। इस तरह के हर आयोजनों से सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। सनातन संस्कारम परिवार को इस तरह के आयोजन से जुड़ने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
वहीं, कार्यक्रम में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा, "मैं रविंदर इंद्रज सिंह को बधाई देता हूं कि वह हर वर्ष इस तरह भव्य रामलीला का आयोजन करते हैं। रामलीला के मंचन से लोगों के जीवन में एक नया प्रकाश आए ऐसी मैं कामना करता हूं। मैं खुद को भी बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आज भूमिपूजन में शामिल होने का मौका मिला।"
रामलीला के भूमि पूजन के मौके पर एमसीडी मेयर प्रवेश वाही ने कहा, "मैं दिल्ली के मंत्री भाई रविंदर इंद्रराज को बधाई देता हूं, जिन्होंने बवाना इलाके की इस नई कॉलोनी में सभी को साथ लाकर एक भव्य रामलीला का आयोजन किया है। जैसा कि मैं देख पा रहा हूं, यहां बेहतरीन कलाकार, मंझे हुए अभिनेता और निर्देशक अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे आस्था और धर्म से भी जोड़ा गया है। जब राजनीति में धर्म का समावेश होता है, तो राजनीति पवित्र हो जाती है और उसका स्वरूप निखर उठता है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Sept 2026 2:01 PM IST












