रांची में घर के भीतर सो रहे व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या, जांच में जुटी पुलिस
रांची, 22 जुलाई (आईएएनएस)। रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रमेश ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। उस समय रमेश ठाकुर अपने घर में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर घर में घुसे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह परिजनों ने घर का दरवाजा खोला तो रमेश ठाकुर खून से लथपथ मृत पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल से एक धारदार हथियार भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि इसी हथियार से हत्या की गई। हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
मौके से अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक के पास पास-पास दो मकान हैं। इनमें से एक मकान किराए पर दिया गया है। पुलिस किरायेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 1:15 PM IST












