रांची में नाले से ऑटो चालक का शव बरामद, परिजनों ने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया

रांची में नाले से ऑटो चालक का शव बरामद, परिजनों ने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया
रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर से गुरुवार को एक ऑटो चालक का शव नाले से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुखदेव नगर निवासी रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

रांची, 2 जुलाई (आईएएनएस)। रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर से गुरुवार को एक ऑटो चालक का शव नाले से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुखदेव नगर निवासी रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने विद्यानगर स्थित नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना सुखदेव नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार सिंह पेशे से ऑटो चालक था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात वह कुछ परिचितों के साथ शराब पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी समाप्त होने के बाद सभी लोग वहां से चले गए, लेकिन गुरुवार को उसका शव नाले से बरामद हुआ।

मृतक के परिजनों ने सुखदेव नगर थाना में लिखित शिकायत देकर रोहित के एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शराब पार्टी के दौरान ही रोहित की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। घटना के बाद आरोपित और उसके साथी फरार हो गए।

सुखदेव नगर थाने की पुलिस ने बताया कि मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 July 2026 1:53 PM IST

Tags

Next Story