रणजी ट्रॉफी फाइनल आकिब नबी ने झटके 5 विकेट, जम्मू-कश्मीर ने खिताबी मुकाबले में कसा शिकंजा

रणजी ट्रॉफी फाइनल  आकिब नबी ने झटके 5 विकेट, जम्मू-कश्मीर ने खिताबी मुकाबले में कसा शिकंजा
जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ शिकंजा कस लिया है। केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 186 रन बना लिए हैं। जम्मू-कश्मीर की कुल बढ़त 477 रनों की हो चुकी है।

हुबली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ शिकंजा कस लिया है। केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 186 रन बना लिए हैं। जम्मू-कश्मीर की कुल बढ़त 477 रनों की हो चुकी है।

फाइनल मुकाबले के चौथे दिन पहली पारी में कर्नाटक की पूरी टीम 293 रन बनाकर ऑलआउट हुई। मयंक अग्रवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 21 चौके की मदद से 160 रन बनाए। हालांकि, उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। मयंक के अलावा कर्नाटक की तरफ से कृतिक कृष्णा ने 36 रनों का योगदान दिया, जबकि श्रेयस गोपाल ने 27 रन बनाए।

छठे विकेट के लिए कृतिक के साथ मिलकर मयंक ने 79 रनों की अहम साझेदारी निभाई। हालांकि, कृतिक के आउट होने के बाद कर्नाटक ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम ने अपने आखिरी चार विकेट सिर्फ 52 रन जोड़कर गंवाए। इससे पहले पहली पारी में जम्मू-कश्मीर ने 584 रन बनाए थे।

जम्मू-कश्मीर की ओर से गेंदबाजी में आकिब नबी डार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 23 ओवर में 54 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। आकिब के अलावा सुनील कुमार और युधवीर सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए। पहली पारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर ने 291 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की।

हालांकि, दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यावर हसन को महज एक रन के स्कोर पर प्रसिद्ध कृष्णा ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद पहली पारी में शतक लगाने वाले शुभम पुंडीर दूसरी इनिंग में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कप्तान पारस डोगरा 16 रन बनाने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा का दूसरा शिकार बने।

कप्तान के पवेलियन लौटने के बाद कमरान इकबाल और अब्दुल समद ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 73 रनों की अहम साझेदारी निभाई। समद 32 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक कमरान इकबाल 94 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि उनका साथ साहिल लोत्रा 16 रन बनाकर दे रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Feb 2026 7:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story