रावण के साथ जला कॉकरोच का पुतला, कपिल मिश्रा बोले- दीमकों को हो रहा दर्द

रावण के साथ जला कॉकरोच का पुतला, कपिल मिश्रा बोले- दीमकों को हो रहा दर्द
दशहरे के अवसर पर दिल्ली में रावण के पुतले के साथ कॉकरोच का पुतला जलाने को लेकर मंत्री कपिल मिश्रा ने बयान दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का संदेश दिया।

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। दशहरे के अवसर पर दिल्ली में रावण के पुतले के साथ कॉकरोच का पुतला जलाने को लेकर मंत्री कपिल मिश्रा ने बयान दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का संदेश दिया।

दिल्ली में दशहरा समारोह के दौरान रावण के पुतले के साथ कॉकरोच का पुतला जलाए जाने पर मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि कॉकरोच का पुतला जलाया गया, लेकिन दर्द दीमकों को हो रहा है। उन्होंने इस पुतले को अराजकता, नक्सलवाद, जिहादियों और भ्रष्ट लोगों के गठबंधन का प्रतीक बताया। मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग लोकतंत्र, जनादेश और संविधान के खिलाफ साजिश रचने की सोच रखते हैं। ऐसे लोग भारत में फ्रांस जैसी स्थिति पैदा करने, सड़कों पर दुकानें बंद कराने और आगजनी जैसी घटनाओं के जरिए माहौल बनाने का सपना देखते हैं। देश में ऐसे सपने देखने वाले कई लोग आए और चले गए, लेकिन जनता बार-बार ऐसी साजिशों को नाकाम करती रही है।

लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विजयादशमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। पाठक ने कहा कि सनातन संस्कृति में सदियों से इस परंपरा का पालन किया जाता रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सनातन संस्कृति के खिलाफ बोलने वाले और केवल दिखावा करने वाले लोगों को पहचानें। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करने और उत्तर प्रदेश को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने रामलीला के आयोजन में परिवारों के साथ शामिल हुए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां केवल भगवान श्रीराम के भक्त या सनातन धर्म में विश्वास रखने वाले लोग ही नहीं, बल्कि भारत को सर्वोपरि मानने वाले लोग भी मौजूद हैं। भारतीय मूल्य और देश की संस्कृति सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने रामलीला में शामिल लोगों की उपस्थिति को भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।

उन्होंने प्रार्थना की कि सभी परिवार खुशहाल, स्वस्थ और समृद्ध रहें। ईरानी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मूल्य लोगों को जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Oct 2026 10:40 PM IST

Tags

Next Story