राजद डूबती हुई नाव, जिस पर कोई बैठना नहीं चाहता मंत्री रामकृपाल यादव
दानापुर, 20 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर महागठबंधन की हार के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार से निकलकर कोलकाता जा रहे हैं। बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्हें 'रणछोड़' बताया है।
दानापुर में मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव चुनाव हारते हैं तो वे बिहार छोड़कर दूसरी जगह चले जाते हैं। मैदान छोड़कर भाग जाते हैं, चुनाव हारने के बाद जनता का सामना नहीं कर पाते हैं। इसीलिए उनकी पार्टी राजद की दुर्गति हो रही है। सत्ता से विपक्ष में आए और बहुत जल्द विपक्ष से भी बाहर होने वाले हैं। राजद और कांग्रेस को बिहार में कोई भविष्य नहीं है। इसीलिए बड़े पैमाने पर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई है।
उन्होंने राजद को डूबती हुई नाव बताते हुए कहा कि यह ऐसी नाव है, जिस पर कोई बैठना नहीं चाहता है। सभी लोग अपनी जान बचाने और भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए छोड़-छोड़ कर भाग रहे हैं।
बंगाल में सीएम ममता बनर्जी द्वारा वर्तमान विधायकों के टिकट काटे जाने पर रामकृपाल यादव ने कहा कि बंगाल की दीदी ममता जाने वाली है और उनके जाने का समय तय हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम ममता बनर्जी के संरक्षण में आतंक, भ्रष्टाचार और गुंडों का राज चलता रहा है, लेकिन अब बंगाल की जनता को टीएमसी सरकार से मुक्ति मिलने वाली है। वह दिन अब दूर नहीं रह गए हैं। लोगों को वोट का जो अधिकार मिला है, उसका इस्तेमाल कर वोटर्स ने बड़े-बड़े धुरंधरों को उखाड़ कर फेंक दिया है। बंगाल में ममता बनर्जी ने अपनी सरकार में तानाशाही की। दूसरे दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या करवाई। किसी को बोलने की इजाजत न देना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करना ही ममता बनर्जी की असल पहचान रही है। अब वक्त आ गया है कि बंगाल की जनता इस तानाशाही सरकार को उखाड़ कर फेंक दे।
भाजपा का जिक्र करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि बंगाल में परिवर्तन होगा, भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी। वर्षों तक जो लोगों को शोषण का शिकार होना पड़ा है, भाजपा की सरकार में मुक्ति मिलेगी। भाजपा की सरकार बंगाल को विकास की पटरी पर लेकर आएगी। वहां अमन और शांति बहाल करने का काम करेगी। बंगाल को अन्य राज्यों की तरह का विकास मॉडल देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 March 2026 6:08 PM IST











