रोहित पवार के आरोपों पर शशिकांत शिंदे बोले, विमान हादसे में एफआईआर दर्ज कर हो निष्पक्ष जांच

रोहित पवार के आरोपों पर शशिकांत शिंदे बोले, विमान हादसे में एफआईआर दर्ज कर हो निष्पक्ष जांच
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के महाराष्ट्र अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने अजित पवार विमान दुर्घटना को लेकर रोहित पवार के आरोपों का समर्थन किया है। इसके अलावा उन्होंने मदरसा, राज्यसभा चुनाव, पीएम मोदी की इजरायल यात्रा और नितेश राणे के बयान पर प्रतिक्रिया दी।

मुंबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के महाराष्ट्र अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने अजित पवार विमान दुर्घटना को लेकर रोहित पवार के आरोपों का समर्थन किया है। इसके अलावा उन्होंने मदरसा, राज्यसभा चुनाव, पीएम मोदी की इजरायल यात्रा और नितेश राणे के बयान पर प्रतिक्रिया दी।

एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय पर 28 जनवरी को हुई घातक विमान हादसे में शामिल कंपनी 'वीएसआर' को बचाने की कोशिश करने और एफआईआर न दर्ज करने का आरोप लगाया था।

आईएएनस से बातचीत करते हुए शशिकांत शिंदे ने कहा, "एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच करने की मांग सही है। अगर रोहित पवार आवाज नहीं उठाते तो मामले को रफा-दफा कर दिया जाता। हम लोगों को जो शक है, उसका जवाब मिलना चाहिए।

नितेश राणे द्वारा मदरसे को आतंकवादी अड्डा बताने के सवाल पर शशिकांत शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में ऐसा अभी तक कुछ नहीं हुआ है। अगर सरकार के लोग ही इस तरह की बात कहेंगे तो धार्मिक सौहार्द बिगड़ेगा। ऐसी तुच्छ राजनीति नहीं करनी चाहिए।

मालेगांव नगर निगम के विद्युत विभाग में अदा की गई नमाज पर शशिकांत शिंदे ने कहा, "महाराष्ट्र में पहले कभी धर्म या जाति के नाम पर अशांति नहीं फैली थी, लेकिन आज हम देख रहे हैं कि लोग किसी को भी मुद्दे बनाकर उसका राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं।"

एनसीपी (एसपी) से राज्य सभा सदस्य किसे बनाया जाएगा, इस सवाल पर शशिकांत शिंदे ने कहा कि इस मामले पर चर्चा चल रही है और अगले दो-तीन दिनों में अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा। शरद पवार मुंबई पहुंच चुके हैं और अगले दो-तीन दिनों में उनसे मुलाकात होगी। हमारी मांग है कि पवार साहब राज्यसभा चुनाव लड़ें।"

25 फरवरी को मुंबई स्थित विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए रोहित पवार ने कहा था कि हादसे के दिन जब अजित पवार का शव अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए रखा था, उसी समय दोपहर 1:36 बजे डीजीसीए ने शुरुआती रिपोर्ट जारी कर दी थी। रिपोर्ट में कहा गया कि फरवरी में वीएसआर कंपनी का ऑडिट किया गया था और उसमें 'लेवल-1 सुरक्षा कमी' नहीं पाई गई। आरोप लगाया कि मंत्री राममोहन नायडू ने भी उसी दिन बयान जारी कर विमान और पायलट को लगभग क्लीन चिट दे दी, जबकि जांच पूरी भी नहीं हुई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Feb 2026 1:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story