सोनम के लाडले 'रुद्रलोक' से पत्रलेखा की लाडली 'पार्वती' तक, जब सितारों ने बच्चों को दिए ईश्वर के नाम
मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सितारे इन दिनों अपने बच्चों को ईश्वर, देवी-देवताओं और आध्यात्मिक अर्थ वाले नाम दे रहे हैं। ये नाम न सिर्फ अनोखे और आकर्षक हैं, बल्कि सांस्कृतिक जड़ों, भक्ति और दिव्य शक्ति से जुड़े हुए हैं। सोनम कपूर ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने छोटे बेटे के नामकरण की जानकारी दी।
अभिनेत्री सोनम कपूर ने अपने दूसरे बेटे का नाम रुद्रलोक कपूर आहूजा रखा है। सोनम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भगवान विष्णु की कृपा से जन्मे इस बच्चे को वे दिव्य आशीर्वाद मानती हैं। उनके बड़े बेटे का नाम विष्णु से संबंधित यानी वायु है। वहीं, छोटे बेटे का नाम रुद्र भगवान शिव के रुद्र रूप से प्रेरित है, जिसका अर्थ है दुखों का नाश करने वाला और प्राण शक्ति। सोनम ने लिखा, “रुद्र निडर, दयालु और शक्ति व प्रकाश का पुंज बने।”
हालांकि, बच्चों को ईश्वर और देवी-देवताओं से जुड़े नाम देने का ट्रेंड सोनम कपूर से पहले भी कई सितारों ने शुरू कर दिया था। इन सितारों ने अपने बच्चों के नाम वैदिक और भगवान से प्रेरित चुने हैं। ये नाम अभिनेताओं की गहरी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विचारों को अच्छी तरह दिखाते हैं। अब बॉलीवुड में बच्चों के नाम रखना सिर्फ फैशन नहीं रहा है, बल्कि यह गहरी श्रद्धा और दिव्य जुड़ाव का प्रतीक बन गया है।
वहीं, वत्सल सेठ और इशिता दत्त ने अपनी दूसरी बेटी का नाम वेदा रखा है। संस्कृत में वेदा का मतलब ‘ज्ञान’ और ‘बुद्धिमत्ता’ है। उनके बड़े बेटे का नाम वायु है, जो पवन देवता से प्रेरित है। इसी तरह यामी गौतम और आदित्य धर ने अपने बेटे का नाम वेदविद रखा। इसका अर्थ है 'वेदों को जानने वाला'। यह नाम अक्षय तृतीया के शुभ दिन पर चुना गया था।
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की बेटी का नाम वामिका है, जो देवी दुर्गा का एक नाम है। यह नाम शक्ति और रचनात्मकता का प्रतीक माना जाता है। उनके बेटे का नाम अकाय है। बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर की बेटी का नाम देवी रखा गया है, जिसका अर्थ दिव्य शक्ति है। शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के बेटे का नाम वियान है, जो भगवान श्रीकृष्ण का नाम है।
जूनियर एनटीआर के बेटे का नाम अभय है, जो भगवान शिव का एक नाम है। नयनतारा और विग्नेश शिवन ने अपने एक बेटे का नाम रुद्रोनील (शिव से जुड़ा) और दूसरे बेटे का नाम दैविक (देवता की शक्ति) रखा है। अन्य नामों में अमाला पॉल के बेटे का नाम इलई (कार्तिकेय) और कियारा आडवाणी- सिद्धार्थ मल्होत्रा की बेटी का नाम सरायाह (ईश्वर की राजकुमारी) शामिल है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 11:02 PM IST












