रुद्रप्रयाग में आपदा मॉक ड्रिल सफल, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
रुद्रप्रयाग, 2 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की क्षमता को परखने के उद्देश्य से गुरुवार को व्यापक आपदा मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान जिले के पांच चिन्हित स्थानों पर राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास किया गया, जिसमें आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, रेस्क्यू ऑपरेशन और विभागीय समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया।
जिला मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशन में पांच स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित स्थानों पर राहत एवं बचाव दल निर्धारित समय पर पहुंच गए और मॉक ड्रिल की आवश्यकताओं के अनुरूप सफलतापूर्वक अभियान संचालित किया गया। अभ्यास के दौरान फंसे हुए लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा पूरी प्रक्रिया की मुख्यमंत्री स्तर पर मॉनिटरिंग की गई। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल पूरी होने के बाद भी टीमें क्षेत्र में आवश्यक कार्य पूरा कर वापस लौट रही हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने केदारनाथ यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सम्मानजनक व्यवहार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन के संज्ञान में कई ऐसे मामले आए हैं, जिनमें घोड़े और खच्चरों के मालिकों द्वारा नियुक्त कुछ हैंडलर (हॉकर) तीर्थयात्रियों के साथ उचित व्यवहार नहीं करते। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि घोड़े और खच्चरों के सभी मालिकों तथा हैंडलरों के लिए जिला पंचायत में पंजीकरण कराना और पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि यदि कोई मालिक या हैंडलर बिना पंजीकरण के घोड़े या खच्चरों का संचालन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए उनके साथ सम्मानजनक और गरिमापूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि तीर्थयात्रियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या नियमों के उल्लंघन को जिला प्रशासन और पुलिस किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 8:42 PM IST












