रूस-यूक्रेन की सहमति से ओलेश्की में सीज फायर, मानवीय मिशन चालू

रूस-यूक्रेन की सहमति से ओलेश्की में सीज फायर, मानवीय मिशन चालू
रूस और यूक्रेन ने मंगलवार को ओलेश्की शहर में मानवीय सहायता कार्य शुरू करने के लिए एक 'क्षेत्रीय संघर्ष विराम' लागू कर दिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख किरिलो बुडानोव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। हालांकि, अन्य जगहों पर, जिसमें यूक्रेन की राजधानी कीव भी शामिल है, हमले अभी भी जारी हैं।

कीव, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस और यूक्रेन ने मंगलवार को ओलेश्की शहर में मानवीय सहायता कार्य शुरू करने के लिए एक 'क्षेत्रीय संघर्ष विराम' लागू कर दिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख किरिलो बुडानोव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। हालांकि, अन्य जगहों पर, जिसमें यूक्रेन की राजधानी कीव भी शामिल है, हमले अभी भी जारी हैं।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के करीबी और कार्यालय प्रमुख बुडानोव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया," ओलेश्की में एक महत्वपूर्ण मानवीय मिशन शुरू हो गया है। जिस इलाके में यह मिशन चल रहा है, वहां दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम की घोषणा की गई है।"

उन्होंने आगे कहा कि यूक्रेनी संसद के आयुक्त, दमित्रो लुबिनेट्ज मौके पर पहुंच गए हैं और वे इस पूरी प्रक्रिया के समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हम लगातार उनके संपर्क में हैं।

बुडानोव ने इसे मिशन की कामयाबी को आम लोगों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि हमारे लोगों को बचाने का यह मिशन सफलतापूर्वक और सुरक्षित रूप से पूरा हो। इस अभियान को चलाने और इसमें सहयोग देने वाले सभी लोगों का मैं दिल से आभारी हूं।"

इससे पहले मानवाधिकारों के लिए संसदीय आयुक्त दमित्रो लुबिनेट्से ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि यूक्रेन की टीम के प्रमुख के तौर पर, वे यह कह सकते हैं कि यूक्रेनी पक्ष अपने वादों का पालन कर रहा है। उन्होंने रूस द्वारा संघर्ष विराम (गोलाबारी रोकने) के समय की भी पुष्टि की।

टेलीग्राम पर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उन्होंने यूक्रेन के खेरसॉन शहर की दिशा में सुबह 4 बजे (मॉस्को समय, 0100 जीएमटी) से गोलाबारी रोक दी है। ऐसा ओलेश्की में की जाने वाली तैयारियों के लिए किया गया है, जो नीपर नदी के उस पार खेरसॉन के सामने स्थित है।

लुबिनेट्से ने आगे बताया कि यह समझौता रूस की मानवाधिकार आयुक्त याना लांत्रतोवा के सहयोग से और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप की मदद से संभव हो पाया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story