सड़क हादसे में बाल बाल बचे कॉमेडियन हकाभा गढ़वी, हिंगलाज माता मंदिर से लौट रहे थे
गुजरात, 27 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के प्रसिद्ध लोक साहित्यकार और हास्य कलाकार (कॉमेडियन) हकाभा गढ़वी हिंगलाज माताजी मंदिर से लौटते समय एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के ध्रांगध्रा के पास पीपला गांव स्थित हिंगलाज माता मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। हकाभा की फॉर्च्यूनर कार पिपला और बैसबाग गांवों के पास पानी में जा गिरी।
इस हादसे में उनकी जान बच गई। घटना के बाद उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में बताया, "मैं हिंगलाज माता रानी के दर्शन करके वापस आ रहा था। रास्ते में मेरी गाड़ी के सामने एक सांप आ गया था। उसे बचाने के चक्कर में गाड़ी को घुमाना पड़ा, जिससे हमारी गाड़ी नदी के गड्ढ़े के पास जा गिरी। गिरने के दौरान हमें लग रहा था कि बचना मुश्किल है, लेकिन भगवती मैया के आशीर्वाद से ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
हाकाभा गढ़वी ने बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ माता रानी के दर्शन के लिए गए थे। लौटते वक्त उनकी गाड़ी एक गड्ढ़े में गिर गई। हादसे के दौरान उनके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत मदद की और सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।
हाकाभा गढ़वी ने कहा, "हिंगलाज माता रानी की कृपा से मेरी जान बच गई। जो भी हुआ, शायद अच्छे के लिए ही हुआ। प्रशासन पहले से ही लोगों को लगातार चेतावनी दे रहा था कि अगर तेज बारिश हो रही है, तो घर से नहीं निकलना चाहिए। हालांकि हमने भी उनकी बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। हमें लगता था कि कार्यक्रम में जाना है, इसलिए कलाकार तो निकल ही सकते हैं, लेकिन जब आप किसी नए रास्ते से गुजरते हैं, तो वहां गड्ढे हो सकते हैं। अगर सड़क पर कोई जानवर या सांप आ जाए, तो दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए मैं सभी से कहना चाहता हूं कि सरकार और प्रशासन की सलाह का हमेशा पालन करें।"
उन्होंने सभी को समझाते हुए कहा, "अगर रात में तेज बारिश हो रही हो, तो बिल्कुल बाहर न निकलें। पानी भरे रास्तों पर गाड़ी चलाने या पानी में आगे बढ़ने की कोशिश न करें। इस हादसे के बाद मुझे एहसास हुआ कि सरकार और प्रशासन जो चेतावनियां देते हैं, वे हमारी सुरक्षा के लिए ही होती हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 July 2026 3:04 PM IST












