सदन के बाहर बैठकर इस तरह से तमाशा करने का कोई मतलब नहीं हरभजन सिंह
नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर नाश्ते पर मुलाकात की। हरभजन ने उस मुलाकात को बेहद यादगार और सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से काफी कुछ सीखने को मिलता है। हरभजन ने सदन की कार्यवाही लगातार स्थगित होने को लेकर भी नाराजगी जाहिर की।
हरभजन ने पत्रकारों के साथ बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मार्गदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से काफी कुछ सीखने को मिलता है। प्रधानमंत्री ने उनसे और बाकी सांसदों से मुलाकात और बातचीत की। प्रधानमंत्री के साथ रहने पर सकारात्मक ऊर्जा फैल जाती है।
विपक्ष के हंगामे के कारण लगातार सदन के स्थगित होने को लेकर भी हरभजन ने बात की। उन्होंने कहा, "सदन का न चलना मेरे हिसाब से किसी के लिए भी सही नहीं है। सदन में लोग इसलिए आते हैं कि वह अपनी और अपने राज्य की बात को रख सकें और अगर सदन चलेगा ही नहीं, तो किसी की भी बात नहीं रखी जा सकेगी। इसके साथ ही सदन को चलाने के लिए जो पैसा लगता है, वो बर्बाद हो रहा है। मुझे लगता है कि विपक्षी पार्टियों के जो बड़े नेता हैं, जो आए दिन हम देखते हैं कि यहां हड़ताल कर रहे हैं और लोग यहां बैठे हैं अगर आपको विरोध जताना है, तो सदन के अंदर जताइए।"
राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने कहा, "बातचीत करके ही मामले सुलझ सकते हैं। अगर बातचीत नहीं होगी और सदन चलेगा नहीं, तो इससे कोई नतीजा निकलेगा नहीं। अगर आप सच में बदलाव लाना चाहते हैं और अगर आपको सच में समस्या है तो आप सदन के अंदर आकर बात क्यों नहीं करते हैं। इस तरह से सदन के बाहर बैठकर तमाशा करने का कोई मतलब नहीं है। यह चीजें करके आप किसी के भी सामने अच्छी छवि पेश नहीं कर रहे हैं। हम इस देश के नागरिक हैं और इसको अच्छा दिखाना हम सभी का काम है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि आप किस पार्टी से हैं, देश सबसे ऊपर है। इस तरह से बाहर बैठकर इशू बनाने से बेहतर है कि आप अंदर बैठकर अपनी बात रखिए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Aug 2026 4:11 PM IST












