सदन के बाहर बेवजह धरना-प्रदर्शन करते हैं विपक्षी नेता, चर्चा से भाग रहे राहुल गांधीः ओपी राजभर
लखनऊ, 11 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर, अनिल राजभर और दानिश आज़ाद अंसारी ने 'वंदे मातरम' पर सपा सांसद रामजीलाल सुमन की टिप्पणी और जे.पी. नड्डा की राहुल गांधी को चुनौती सहित विभिन्न मुद्दों पर आईएएनएस से बातचीत करते हुए प्रतिक्रिया दी।
जेपी नड्डा ने कहा है कि राहुल गांधी का उद्देश्य संवाद नहीं बल्कि अराजकता फैलाना है। इस बयान पर राजभर ने कहा, "जेपी नड्डा के बयान का मैं समर्थन करता हूं क्योंकि संसद के बाहर राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता बेवजह धरना-प्रदर्शन करने के साथ गलत बयानबाजी करते रहते हैं। सदन में चर्चा करने से राहुल गांधी भाग रहे हैं। जब भी राहुल गांधी विदेश जाते हैं, तो देश को कटघरे में खड़ा करते हैं और चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हैं। ऐसे में राहुल गांधी की बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।"
यूपी में पंचायत चुनाव में हो रही देरी पर राजभर ने कहा, "समाजवादी पार्टी के कारण चुनाव में देरी हो रही है। सपा ने पंचायत चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। हाईकोर्ट के आदेश पर पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन कर दिया गया है। अब हाईकोर्ट के अगले आदेश पर अमल किया जाएगा।"
अबू आजमी द्वारा अतीक के बेटे अबन अहमद की मौत पर सवाल उठाए जाने पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जिस गाड़ी के एक्सीडेंट में अबन की मौत हुई, उसमें सवार व्यक्ति ने खुद बताया कि डिवाइडर के टकराने से हादसा हुआ है। अबू आजमी को इस बात की जानकारी ही नहीं है।
वहीं, यूपी सरकार के मंत्री दानिश आजाद ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर पूरे देश में 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है। देश के सभी वर्गों के लोग उत्साह के साथ 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ रहे हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 'हर घर तिरंगा' अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश के युवाओं में उत्साह है। उत्तर प्रदेश के मदरसे भी इस अभियान में शामिल होंगे। हम 'हर घर तिरंगा' अभियान को हर मदरसे तक ले जाने का काम करेंगे। सभी मदरसों में 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा, जिसमें झंडा फहराना, राष्ट्रगान और युवाओं की भागीदारी शामिल होगी।"
'वंदे मातरम' पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन की टिप्पणी पर मंत्री दानिश आजाद ने कहा, "समाजवादी पार्टी हमेशा नकारात्मक एजेंडे के साथ समाज को गुमराह करने का काम किया है। सपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने है, वह इनके बहकावे में नहीं आएगी।"
मंत्री अनिल राजभर ने कहा, "राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम हर भारतीय को गाना चाहिए। हमारे राष्ट्रीय गीत को जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह सम्मान एनडीए की सरकार ने दिलाया है और हर जगह अनिवार्य किया है। विपक्ष के लोगों को अब राष्ट्रीय पर्व और प्रतीक से भी दिक्कत होने लगी है। भारत की धरती पर जिसको रहना है, उसे राष्ट्रीय गीत गाना पड़ेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Aug 2026 2:01 PM IST












