सागर में जहरीली शराब कांड का इनामी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
सागर, 13 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में चर्चित जहरीली शराब कांड के मामले में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई बहरोल थाना क्षेत्र में कठुआ नाला के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि छापरी गांव निवासी 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत धामोनी-बहरोल मार्ग से अपने घर जाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही बांदरी थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ इलाके में घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया और कथित तौर पर पुलिस पर तीन गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दो राउंड फायरिंग के दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन कारतूस, तीन खोखे, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, शिवांजय राजपूत जहरीली शराब कांड में प्रमुख आरोपियों में शामिल है और उसकी भूमिका अवैध शराब की सप्लाई से जुड़ी बताई जा रही है। घटना के बाद से वह लगातार फरार था। उसके खिलाफ पहले से तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
सागर के एसपी अनुराग सुजानिया ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि जहरीली शराब के सेवन से बांदा में हुई मौतों के मामले में शिवांजय राजपूत आरोपी है। सूचना मिली थी कि वह उत्तर प्रदेश की तरफ से होते हुए अपने गांव की ओर निकल रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने कठुआ के पास घेराबंदी की। पुलिस के सामने आने पर आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
एसपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किए थे। शिवांजय राजपूत पर 30 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और अवैध व जहरीली शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Sept 2026 2:42 PM IST












