बिहार सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे, सीएम बोले- 'जनता की सरकार, हम हैं आपके सेवक'
पटना, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर राजधानी पटना स्थित बीआईटी मेसरा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 11,464 करोड़ रुपये की लागत वाली 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता की सरकार है और वह जनता के सेवक के रूप में काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के सहयोग और विश्वास से समृद्ध बिहार का सपना अवश्य साकार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पहले 100 दिन सेवा, संकल्प और समर्पण को समर्पित रहे हैं। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, आधारभूत संरचना और सुशासन के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि योजनाओं के जरिए सड़क, पुल, सिंचाई, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे राज्य के संतुलित विकास को नई गति मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के सभी 534 प्रखंडों में चल रहे सहयोग शिविरों में अब तक करीब सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हर महीने के दूसरे मंगलवार को वे स्वयं राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में असंतुष्ट आवेदकों की शिकायतों की सुनवाई करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू करने का निर्णय लिया है तथा 551 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाया गया है। साथ ही राज्य में 12 नई टाउनशिप विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने प्रत्येक जिले में एक उद्योग स्थापित करने और 20 नवंबर तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य भी दोहराया। उन्होंने कहा कि वैशाली के राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क तथा गया स्थित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) परिसर में करीब 3,000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब विकसित किया जाएगा।
अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना कर कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक और पत्रिका का लोकार्पण किया। विभिन्न विभागों की नीतियों पर आधारित पुस्तिकाओं का भी विमोचन किया गया। सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग और माइक्रोसॉफ्ट सहित अन्य विभागों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग में चयनित चिकित्सकों और फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2026 6:04 PM IST












