सैमसन-बुमराह और एस्टरहुइजन 'आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ' के लिए नॉमिनेट

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन को मार्च 2026 के लिए आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। संजू सैमसन का प्रदर्शन 'टी20 विश्व कप 2026' में शानदार रहा था। उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में दमदार पारी खेली थी।
टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती मुकाबलों में बेंच पर बैठने के बाद सुपर-8 राउंड में जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम के लिए 'करो या मरो' मुकाबले में 97 रनों की नाबाद पारी खेली थी और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। संजू की पारी के बूते भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी।
इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 89 रन बनाए थे, जबकि अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में भी उन्होंने 89 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। सैमसन को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था। उन्होंने 5 मुकाबलों में कुल 321 रन बनाए थे।
वहीं, जसप्रीत बुमराह ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में गेंद से अहम किरदार निभाया था। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 31 रन देकर एक विकेट निकाला था, जबकि फाइनल मैच में बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। फाइनल मुकाबले में बुमराह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया था।
वहीं, टी20 विश्व कप 2026 के बाद एस्टरहुइजन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 5 मुकाबलों में 200 रन बनाए। सीरीज के चौथे मैच में उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला अर्धशतक लगाया था और 33 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका पांच मुकाबलों की सीरीज को 3-2 से अपने नाम करने में सफल रही थी। एस्टरहुइजन दो मुकाबलों में प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। इसका फायदा उन्हें टी20 रैंकिंग में भी मिला और वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में बल्लेबाजों की रैंकिंग में 39वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 April 2026 4:43 PM IST












