संजय उपाध्याय ने सीएम नायडू की अपील का किया समर्थन, डेमोग्राफी बदलाव पर जताई चिंता
मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू द्वारा तीसरे और चौथे बच्चे के होने पर आर्थिक सहायता देने की अपील का पूर्ण समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को जनसंख्या असंतुलन को रोकने के लिए अधिक बच्चे पैदा करने चाहिए।
विधायक संजय उपाध्याय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम चाहते हैं कि हिंदू अधिक बच्चे पैदा करें। अगर जनसंख्या असंतुलन बना रहा और मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ती रही तो देश की डेमोग्राफी बदल जाएगी, जिसका असर देश की सुरक्षा और स्वभाव पर पड़ेगा।"
उन्होंने आगे कहा, "हम सरकार की अपील 'हम दो, हमारे दो' मानते हैं, वहीं दूसरी तरफ 'चार और हमारे चालीस' की बात होती है। आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा तीसरे बच्चे पर 30 हजार और चौथे पर 40 हजार रुपए देने की मुहिम स्वागतयोग्य है।"
नीट पेपर लीक विवाद पर संजय उपाध्याय ने कहा, "पेपर लीक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन नीट और एनटीए ने मेडिकल प्रवेश में पहले जो धांधली और भ्रष्टाचार होता था, उसे काफी हद तक समाप्त किया है। कुछ लोग इस प्रक्रिया को खत्म करवाना चाहते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार का लाभ नहीं मिल पा रहा है।"
उन्होंने मांग की कि नीट की प्रक्रिया और अधिक सख्त होना चाहिए, साथ ही बच्चों के लिए सहज भी होना चाहिए। जो अपराधी इसमें शामिल हैं, उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के पाकिस्तान संबंधी बयान पर संजय उपाध्याय ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा, "सभी भारतवासियों को अपनी सेना पर गर्व है। सेना प्रमुख का बयान हर भारतीय का सीना चौड़ा करने वाला है। यह सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि भारतीय सेना के सामर्थ्य और पुरुषार्थ का प्रतीक है।"
विधायक ने भोजशाला मामले में कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय का यह निर्णय ऐतिहासिक महत्व का है।
संजय उपाध्याय ने जोर देकर कहा कि जनसंख्या नीति को राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से देखा जाना चाहिए। उन्होंने हिंदू समाज से अपील की कि वे सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी समझते हुए अधिक बच्चे पैदा करें और उन्हें अच्छी शिक्षा व संस्कार दें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 12:00 AM IST












