सांसद प्रणिती शिंदे के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करने पर सचिन शेलके के खिलाफ मामला दर्ज

सांसद प्रणिती शिंदे के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करने पर सचिन शेलके के खिलाफ मामला दर्ज
कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य और सोलापुर से सांसद प्रणिती शिंदे की फेसबुक पोस्ट पर कथित अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में डॉ. सचिनकुमार शिवाजीराव शेलके के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी सांगली जिले के इस्लामपुर पुलिस थाने में दर्ज की गई है।

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य और सोलापुर से सांसद प्रणिती शिंदे की फेसबुक पोस्ट पर कथित अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में डॉ. सचिनकुमार शिवाजीराव शेलके के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी सांगली जिले के इस्लामपुर पुलिस थाने में दर्ज की गई है।

एफआईआर के अनुसार, सांसद प्रणिती शिंदे ने 15 अक्टूबर को रात 9:04 बजे फेसबुक पर एक राजनीतिक विषय से संबंधित पोस्ट साझा की थी। आरोप है कि 16 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे डॉ. सचिनकुमार शेलके ने इस पोस्ट पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी की।

इस मामले में महिला कांग्रेस की इस्लामपुर की कार्यकर्ता एडवोकेट मनीषा चंद्रकांत रोटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित टिप्पणी से महिला की गरिमा का अपमान हुआ। शिकायतकर्ता ने टिप्पणी के स्क्रीनशॉट भी पुलिस के पास सबूत के तौर पर जमा किए। शिकायत के आधार पर इस्लामपुर पुलिस ने 22 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सोशल मीडिया पर राजनीतिक मतभेद व्यक्त करते समय महिलाओं के खिलाफ अश्लील और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने चिंता जताई है।

महाराष्ट्र प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे ने कहा, "महिलाओं का अपमान करने वाली ऐसी घटनाओं को महिला कांग्रेस नजरअंदाज नहीं करेगी। महिलाओं की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए हम मजबूती से आवाज उठाएंगे। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो, इसके लिए महिला कांग्रेस का प्रयास जारी रहेगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story