सपा नेता का दावा- सीएम ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल संभालेंगी और अखिलेश यूपी

सपा नेता का दावा- सीएम ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल संभालेंगी और अखिलेश यूपी
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी एक बार फिर से सरकार बनाएंगी। वे चौथी बार सीएम बनेंगी। भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

लखनऊ, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी एक बार फिर से सरकार बनाएंगी। वे चौथी बार सीएम बनेंगी। भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

सुभाष चंद्र बोस के परपोते के टीएमसी में शामिल होने पर मेहरोत्रा ने कहा कि इससे पश्चिम बंगाल में टीएमसी का प्रभाव बढ़ेगा। बंगाल में टीएमसी की सरकार बनने जा रही है, ममता बनर्जी चौथी बार सीएम बनेंगी। बंगाल में टीएमसी की हवा चल रही है, और भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

सपा नेता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली है। जनता योगी सरकार से त्रस्त है।

लखनऊ में सपा नेता ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए बंगाल में सीएम योगी आदित्यनाथ के चुनावी प्रचार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ हर मोर्चे पर नाकाम रहे हैं और अब पश्चिम बंगाल में झूठा प्रचार करने में लगे हुए हैं।

रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो गई है। गुंडों, माफिया और जंगल राज का बोलबाला है। पुलिस अपराधियों की तलाश नहीं कर रही, बल्कि मंत्रियों की गाड़ियों में घूम रही है। लोग भाजपा सरकार से बेहद नाराज और गुस्से में हैं। उन्होंने भाजपा को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।

सपा नेता ने कहा कि 2027 में भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में जाने वाली है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली है।

उन्होंने कहा कि उर्दू देश की बहुत पुरानी भाषा है, मुख्यमंत्री द्वारा उर्दू के बारे में दिया गया बयान निंदनीय है। हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं।

महिला आरक्षण बिल पर बुलाए गए संसद सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि तीन दिन अपर्याप्त हैं। उन्होंने मांग की कि सत्र को कम से कम तीन दिन और बढ़ाया जाए तथा आरक्षण लागू करने से पहले जाति जनगणना कराई जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर जाति जनगणना नहीं कराना चाहती।

गैस संकट को लेकर सपा नेता ने कहा कि सरकार लोगों को गुमराह कर रही है और झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि अगर गैस की कोई कमी नहीं है, तो गैस स्टेशनों पर इतनी लंबी लाइनें क्यों लग रही हैं? सिलेंडर ब्लैक में 2500 रुपए से ज्यादा में बिक रहा है। कई घरों के चूल्हे बुझ गए हैं और लोग लकड़ी-कोयले पर खाना बनाने को मजबूर हैं।

मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन पर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि 12,000 गाना गाने वाली महान गायिका आशा भोसले का निधन बेहद दुखद है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 April 2026 10:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story