सरकार दवाओं और अन्य कामों के लिए गोमूत्र खरीदने की योजना बना रही यूपी सरकार मंत्री धर्मपाल सिंह
लखनऊ, 11 अगस्त (आईएएनएस)। यूपी के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने गायों के कल्याण की योजनाओं और 'हर घर तिरंगा' अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार दवाइयों और अन्य कामों के लिए गोमूत्र खरीदने की योजना बना रही है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार ने बुलंदशहर में गौमूत्र खरीदने की योजना के तहत बताया कि 10 रुपए लीटर में इसे खरीदा जाएगा। योजना के तहत 300 महिलाओं को शेयरहोल्डर बनाया जाएगा। इससे, 2 रुपए प्रति लीटर मुनाफा मिलेगा।
धर्मपाल सिंह ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि देसी गाय का दूध अमृत के समान होता है। इसके साथ ही गाय के गोबर और गोमूत्र पर भी काम कर रहे हैं। अब गौ मूत्र खरीद कर उससे दवाइयां बनाने का काम किया जाएगा और अन्य उपयोग में इस्तेमाल किया जाएगा।
'हर घर तिरंगा यात्रा' पर मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा, "हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा। असल में, देश अब दुनिया में सबसे बेहतर बनने की ओर बढ़ रहा है। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यह तिरंगा यात्रा 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' और 'आत्मनिर्भर भारत' के विजन को साकार करने में मदद करेगी।"
इसी बीच, समाजवादी पार्टी की सांसद सांसद रुचि वीरा ने उत्तर प्रदेश में गोमूत्र खरीदने की योजना पर प्रदेश सरकार की जमकर आलोचना की। रुचि वीरा ने गोमूत्र खरीदने की योजना पर आईएएनएस से कहा कि मुझे यह कहते हुए शर्म आती है कि एक तरफ हम विश्व गुरु बनने की बात कर रहे हैं और दूसरी तरफ सभी सामान व मशीनरी की खरीद चीन और विदेशों से कर रहे हैं। वहीं, हमारी सरकार गौमूत्र योजना पर अटकी हुई है। मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ये सब किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष को छात्रों की पढ़ाई, देश के विकास और नौजवानों के रोजगार पर बात करनी चाहिए। स्वास्थ्य और देश की सुरक्षा पर काम होना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Aug 2026 8:49 PM IST












