'सरके चुनरिया' विवाद पर अश्विनी वैष्णव बोले- गाने पर लगा बैन, अभिव्यक्ति की आजादी की भी सीमा

सरके चुनरिया विवाद पर अश्विनी वैष्णव बोले- गाने पर लगा बैन, अभिव्यक्ति की आजादी की भी सीमा
कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के विवादित गाने 'सरके चुनरिया' को लेकर चल रहा विवाद अब संसद तक पहुंच गया है। लोकसभा में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बयान में कहा कि इस गाने पर बैन लगाया जा चुका है।

मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के विवादित गाने 'सरके चुनरिया' को लेकर चल रहा विवाद अब संसद तक पहुंच गया है। लोकसभा में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बयान में कहा कि इस गाने पर बैन लगाया जा चुका है।

लोकसभा में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गाने पर बैन लगा दिया गया है। हमें अभिव्यक्ति की आजादी (फ्रीडम ऑफ स्पीच) के तहत सही पाबंदियों के हिसाब से काम करना चाहिए लेकिन यह पूरी तरह से असीमित नहीं हो सकती। यह समाज और संस्कृति के मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ''डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के दौर में कंटेंट बहुत तेजी से फैलता है, ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। खासतौर पर बच्चों और समाज के वंचित वर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाने होंगे। सरकार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।''

दरअसल, 'सरके चुनरिया' गाना फिल्म 'केडी: द डेविल' का हिस्सा है, जिसमें नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए थे। गाने के रिलीज होते ही इसके बोल और डांस स्टेप्स को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया। कई लोगों ने इसे अश्लील और डबल मीनिंग बताते हुए आपत्ति जताई।

विवाद बढ़ने पर कई संगठनों ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस गाने को तुरंत बैन करने की मांग की और इसे भारतीय सिनेमा की छवि के खिलाफ बताया। उन्होंने सरकार से सख्त नियम बनाने की भी अपील की।

विवाद के बीच गाने को यूट्यूब समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि बॉलीवुड में अश्लीलता की हदें पार हो चुकी हैं, जिस पर सख्ती जरूरी है।

वहीं विवाद बढ़ने पर गाने के गीतकार रकीब आलम ने भी सफाई दी और कहा कि उन्होंने इस गाने को मूल रूप से नहीं लिखा था, बल्कि यह कन्नड़ में पहले से लिखा गया था और उन्होंने सिर्फ उसका हिंदी अनुवाद किया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 March 2026 2:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story