सीमाओं पर तैनात जवानों के कारण दीपावली के दीये और भी रोशन लगते हैं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

सीमाओं पर तैनात जवानों के कारण दीपावली के दीये और भी रोशन लगते हैं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दीपावाली के अवसर पर सिक्किम के शेराथांग युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर भारतीय सेना के जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने दीपावली की शुभकामनाएं दी और उनके साहस की सराहना की।

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दीपावाली के अवसर पर सिक्किम के शेराथांग युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर भारतीय सेना के जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने दीपावली की शुभकामनाएं दी और उनके साहस की सराहना की।

रक्षा मंत्री ने कहा, "आप सभी को दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएं। मैं शेराथांग वार मेमोरियल के उन शहीदों को नमन करता हूं, जिन्होंने हमारे लिए अपने प्राणों तक के बलिदान दे दिये। आज हम अपने घरों में जो दीपावली के दीप जला पा रहे हैं, उसके पीछे हमारे वीर सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान है। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा की है। मैं उनके परिवारों को भी दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं।"

रक्षा मंत्री ने कहा, "जब मैं यहां शेराथांग में खड़ा हूं, तो मुझे लगता है कि आप सब एक-एक ‘दीये' के समान हैं। आपकी रोशनी सिर्फ इस चौकी तक सीमित नहीं है। आपकी रोशनी देश के हर घर तक पहुंच रही है। तकनीक कितनी भी आधुनिक हो, अगर जवान के अंदर अनुशासन और साहस नहीं है, तो तकनीक बेकार है। आपका अनुशासन ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। आप जिस चौकी पर हैं, वहां आपका व्यवहार, आपकी वर्दी, आपकी भाषा और आपका संयम, स्थानीय लोगों के मन में सेना की छवि बनाता है। शेराथांग और आसपास के क्षेत्रों में आम लोगों का सेना के प्रति बहुत स्नेह है। उस स्नेह को बनाए रखना भी आपकी जिम्मेदारी है।"

राजनाथ सिंह ने कहा, "जिस प्रकार दीपावली का दीया बिना शोर किए अंधेरे से लड़ता है, आपका जीवन भी ऐसा ही है। आप शोर नहीं करते, लेकिन अपनी उपस्थिति से पूरे देश को सुरक्षा का भरोसा देते हैं। जब देश त्योहार मनाता है, तब भी आप सीमाओं पर चौकस रहते हैं। आपके कारण देश के नागरिक चैन से सोते हैं। आपके कारण दीपावली के दीये और भी रोशन लगते हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा, "शेराथांग जैसे स्मारकों का, किसी भी सभ्यता व संस्कृति के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होता है। इस वार मेमोरियल ने हमारे जवानों की बहादुरी को इतिहास में हमेशा के लिए अंकित कर दिया है। अब चाहे कितनी भी पीढ़ियां चली जाएं, लेकिन जब तक यह स्थल रहेगा, तब तक यह इस क्षेत्र के लोगों, हमारे जवानों के शौर्य से परिचित कराएगा उन्हें प्रेरणा देगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story