सेहत का सुपरफूड सिंघाड़ा का आटा वजन कंट्रोल से लेकर बालों की करता है देखभाल
नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। इसके लिए खानपान में जरूरी चीजों को शामिल करना बेहद जरूरी है। तमाम चीजों में से एक ऐसी चीज है जो सेहत का बेहतरीन साथी है और वह है सिंघाड़े का आटा, जिसका इस्तेमाल सदियों से होता आया है। आयुर्वेद और विज्ञान दोनों ही इसके महत्व को मानते हैं। यह आटा वजन कम करने से लेकर बालों की देखभाल करने जैसे लाभ पहुंचाता है।
सिंघाड़े का आटा वजन नियंत्रण करने में मदद करता है। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और बार-बार खाने की इच्छा को कम करता है। कम कैलोरी और उच्च पोषण का संतुलन इसे डाइट फ्रेंडली बनाता है। इसके अलावा, यह हल्का होता है और पाचन तंत्र को मजबूती देता है। रोजाना संतुलित सेवन से कब्ज जैसी समस्याएं दूर रहती हैं और आंतों का स्वास्थ्य भी सुधरता है।
इसमें कैल्शियम और आयरन जैसे महत्वपूर्ण मिनरल पाए जाते हैं, जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए लाभकारी हैं। कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाता है और उम्र बढ़ने के साथ होने वाली कमजोरी को रोकने में मदद करता है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने में सहायक होता है, जिससे शरीर की ऊर्जा और सहनशक्ति बढ़ती है। इसके नियमित सेवन से न सिर्फ शरीर मजबूत होता है बल्कि मांसपेशियों की थकान भी कम होती है।
दिल और ब्लड प्रेशर के लिए भी सिंघाड़े का आटा फायदेमंद है। यह शरीर में सोडियम के स्तर को संतुलित रखता है। इससे रक्तचाप नियंत्रित रहता है और हृदय पर अनावश्यक दबाव कम पड़ता है। इस तरह, यह आटा हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी योगदान देता है और लंबी उम्र के लिए सहायक माना जा सकता है।
सिंघाड़े का आटा त्वचा और बालों के लिए भी लाभकारी है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करते हैं, जिससे त्वचा में प्राकृतिक निखार आता है और बाल मजबूत बनते हैं। यह शरीर की ऊर्जा और मेटाबॉलिज्म को संतुलित रखता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 March 2026 1:59 PM IST












