शारीरिक-मानसिक समस्याओं पर लगेगी लगाम, छोटे-छोटे बदलाव से बनेगी बात

शारीरिक-मानसिक समस्याओं पर लगेगी लगाम, छोटे-छोटे बदलाव से बनेगी बात
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियंत्रित खान-पान सेहत के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। समय की कमी की वजह से कहीं दो मिनट में खाना बन जाता है तो कहीं बाहर का खाना ऑर्डर हो जाता है। मगर ये आदतें न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य का भी दुश्मन हैं।

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियंत्रित खान-पान सेहत के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। समय की कमी की वजह से कहीं दो मिनट में खाना बन जाता है तो कहीं बाहर का खाना ऑर्डर हो जाता है। मगर ये आदतें न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य का भी दुश्मन हैं।

बाहर के खाने को लेकर सबसे बड़ा भ्रम यह रहता है कि वह लजीज होता है। हालांकि, ज्यादा नमक, चीनी व तेल से बने ये खाद्य पदार्थ शरीर को कई समस्याओं में डाल देते हैं। ऐसे में लोगों को आगाह करते हुए नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) बताता है कि अधिक मात्रा में तेल, नमक और चीनी का सेवन धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है और कई गंभीर बीमारियों को न्योता देता है। अधिक तेल, नमक और चीनी के सेवन से हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, डायबिटीज और हृदय संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।

इनके अलावा मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है। थकान, चिड़चिड़ापन, तनाव और नींद की समस्या आम हो गई है। हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि इन तीनों चीजों की मात्रा पर लगाम लगाकर शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि छोटे-छोटे बदलाव बड़े स्वास्थ्य लाभ दे सकते हैं। अगर आप आज से तेल, नमक और चीनी की मात्रा थोड़ी कम कर दें तो कुछ हफ्तों में ही आप खुद में ऊर्जा और सुकून महसूस करेंगे।

एनएचएम के अनुसार, रोजाना इनकी मात्रा को नियंत्रित करना बहुत जरूरी है। इसके लिए तेल को वर्तमान मात्रा से 10 प्रतिशत कम कर दें। खाना बनाते समय जितना तेल इस्तेमाल हो रहा है, उसे थोड़ा कम करें। ज्यादा तेल से मोटापा और कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है। चाय, दूध, मिठाई, कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस में चीनी की मात्रा घटाएं। ज्यादा चीनी से वजन बढ़ना, डायबिटीज और दांतों की समस्या होती है। वहीं, खाने में नमक कम डालें। टेबल सॉल्ट, अचार, पापड़ और प्रोसेस्ड फूड में छिपा नमक भी ध्यान रखें। ज्यादा नमक से ब्लड प्रेशर बढ़ता है।

हेल्थ एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि संतुलित खानपान अपनाएं और घर का बना ताजा भोजन ही खाएं। फल, सब्जियां और साबुत अनाज ज्यादा लें। जंक फूड और पैकेज्ड खाने से परहेज करें और रोजाना व्यायाम या वॉक करें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 May 2026 9:49 PM IST

Tags

Next Story