अगर ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान नहीं संभला, तो दंगे की स्थिति पैदा हो सकती है संजय निरुपम

मुंबई, 26 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने शुक्रवार को ‘आई लव मोहम्मद अभियान’ को लेकर आशंका जताई कि समय रहते स्थिति को नहीं संभाला गया, तो पूरे देश में दंगे की स्थिति पैदा हो सकती है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में संजय निरुपम ने कहा कि ‘आई लव मोहम्मद’ के जरिए पूरी सामाजिक स्थिति को प्रदूषित करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। ‘आई लव मोहम्मद’ के नाम पर मुस्लिम नौजवानों को भड़काने की कोशिश की जा रही है। मुझे लगता है कि इस अभियान को रोकने की जरूरत है। यह हिंदुस्तान के सामाजिक वातावरण को खराब करने की साजिश है। अब इसे हाथ पर हाथ धरे बैठे देखा नहीं जा सकता है। इसी को देखते हुए हमारे संत समाज की तरफ से आई लव महाकाल का अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर भारत एक सनातनी देश है। यहां पर बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग रहते हैं। ऐसी स्थिति में यहां पर ‘आई लव मोहम्मद’ जैसे अभियान को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि इस बात की प्रबल आशंका है कि इस अभियान के जरिए समाज में वैमनस्यता स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कहा कि अगर अल्पसंख्यक समुदाय की ओर से किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधियों की शुरुआत होगी, तो उससे समाज में स्थिति प्रदूषित हो सकती है।
इसके अलावा, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50 फीसद टैरिफ लगाए जाने की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को यह बात समझनी होगी कि उनकी ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ का असर अमेरिकी उपभोक्ताओं पर ही होगा, क्योंकि भारत की ओर से भी अमेरिका को कई ऐसी वस्तुएं भेजी जाती हैं, जो उनकी जरूरतों की होती हैं। ऐसी स्थिति में आप यह नहीं कह सकते हैं कि इससे सिर्फ भारत को ही असर होगा, बल्कि इसका दूसरा पहलू यह है कि अमेरिका को भी इसका असर पड़ेगा।
साथ ही, संजय निरुपम ने कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि हमें महिलाओं के सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान होगा और हमारी सरकार ने अब तक महिलाओं के विकास पर ध्यान भी दिया है। आप लोगों को याद होगा कि जब महाराष्ट्र में चुनाव होने वाले थे, तब भी हमने महिलाओं के खाते में डायरेक्ट पैसे ट्रांसफर किए थे। हमारी सरकार का हमेशा से ही यही सिद्धांत रहा है कि अगर आप समाज का सर्वांगीण विकास चाहते हैं, तो इसके लिए सबसे पहले आपको महिलाओं के विकास पर ध्यान देना होगा। बिना महिलाओं के विकास के हम समग्र विकास की अवधारणा की परिकल्पना नहीं कर सकते हैं। इससे हमारे समाज की महिलाएं ताकतवर होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह से बिहार की महिलाओं के खाते में डायरेक्टर 10,000 रुपये ट्रांसफर किए हैं, उसका हम स्वागत करते हैं। निश्चित तौर पर इस कदम से बिहार में एनडीए की जीत का मार्ग प्रशस्त होगा। लोगों का एनडीए सरकार की ओर रुझान बढ़ा है। देश आज की तारीख में एनडीए को उम्मीद की नजरों से देख रहा है।
Created On :   26 Sept 2025 10:11 PM IST