श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शनार्थियों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए सीएम योगी
वाराणसी, 1 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन रविवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पुलिस द्वारा दर्शनार्थियों के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। यहां दुर्व्यवस्था की भी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने पुलिस एवं मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में उचित सुधार लाने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही विक्रय की जाने वाली सामग्रियों का उचित मूल्य रखा जाए। धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्थल हैं, इसलिए श्रद्धालुओं के लिए इन स्थानों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मैनपावर बढ़ाकर मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट के निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटों एवं मंदिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों का प्रत्येक दशा में संरक्षण किया जाए। उन्होंने गोदौलिया में निर्माणाधीन रोप-वे स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुदृढ़ व्यवस्था के अनुसार तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। सीएम ने नगर में सीवरेज एवं वाटर सप्लाई हेतु अमृत-2 योजनांतर्गत कार्यों को व्यवस्थित ढंग से कराए जाने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यों की सघन मॉनिटरिंग हो, इसमें कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेतरतीब कार्य न हों तथा कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से हो।
उन्होंने आमजन की सहूलियत को देखते हुए रोप-वे का किराया तार्किक रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को और प्रभावी बनाने के लिए मशीनों का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने शहर में उपयुक्त स्थलों का चयन कर व्यवस्थित तरीके से वेंडिंग जोन के साथ ही कान्हा उपवन एवं स्ट्रीट डॉग सेंटर बनाए जाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने उचित मुआवजा वितरित कर दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्रता से करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विद्युत तारों के अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य मानक के अनुरूप कराए जाने का निर्देश दिया, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
सीएम ने साफ तौर पर कहा कि गर्मी में पेयजल की समस्या कहीं भी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि कोई भी धार्मिक क्रियाकलाप धार्मिक स्थल परिसर में ही किया जाए। कोई भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। तीव्र आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न हो, सड़कों पर अतिक्रमण कर वाहन पार्क न हों। उन्होंने स्कूली बच्चों में जागरूकता लाए जाने के उद्देश्य से उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दिए जाने को कहा। कोडिन कफ सिरप के मामलों में अवैध कारोबार में शामिल वास्तविक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई को भी कहा।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि सुनिश्चित करें कि कहीं भी अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री न होने पाए। शराब के अवैध ट्रांसपोर्टेशन पर कड़ी नजर रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबित राजस्व वादों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा के अंतर्गत सुनिश्चित हो। अविवादित लंबित वादों का अविलंब निस्तारण किया जाए। अधिकारी नियमित जनसुनवाई करें और मेरिट के आधार पर समाधान सुनिश्चित कराएं। जिले एवं कमिश्नरी स्तर पर व्यापार, उद्योग बंधु तथा बैंकों की नियमित बैठकें कराई जाएं व शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए और आमजन के प्रति पुलिस का व्यवहार शालीन एवं समुचित रिस्पॉन्स हो। सीएम ने कहा कि सभी जिम की जांच कराएं तथा सुनिश्चित करें कि वहां महिला ट्रेनर की भी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों व पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। पर्व के दृष्टिगत अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री कहीं भी न हो। सड़क सुरक्षा की नियमित बैठकें करें एवं अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम कराएं। उन्होंने जनपद में होली एवं आगामी पर्वो के दृष्टिगत चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में एक प्रेजेंटेशन दिया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष जनपद में निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी रखी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 17 हजार करोड़ की 74 परियोजनाएं संचालित हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गोतस्करों के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराध, और यातायात व्यवस्था की जानकारी दी। एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने आगामी 14 और 15 मार्च को प्रस्तावित पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा के बारे में जानकारी दी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 March 2026 9:42 PM IST










