सिख समुदाय की भावनाएं आहत करने के लिए इंडिया ब्लॉक ने रैली के लिए 1 नवंबर का दिन चुना प्रतुल शाहदेव

रांची, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर जहां विपक्षी खेमा दावा कर रहा है कि देशभर से लाखों की संख्या में लोग जुटने वाले हैं, तो वहीं भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि 1 नवंबर का दिन सिख समुदाय की भावनाएं आहत करने के लिए चुना गया।
रांची में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बचाव करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ज्ञानेश कुमार का गुनाह क्या है? वह केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष को इसी बात से परेशानी हो रही है। देश में अब तक 12 बार एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) हो चुका है। उस समय विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने कभी इस प्रक्रिया पर आपत्ति नहीं जताई। कांग्रेस को परेशानी इसलिए है, क्योंकि एसआईआर के जरिए अवैध घुसपैठियों को मतदाता सूची से बाहर किया जा रहा है।
रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग लगातार अपील कर रहा है कि आंदोलन को रोका जाए और देशहित को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक नवंबर की तारीख जानबूझकर चुनी गई है, जिससे सिख समुदाय की भावनाएं आहत हों।
उन्होंने 1984 में हुए सिख नरसंहार का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी वर्ग या समुदाय की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने व्यापारी वर्ग की चिंताओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी बात भी सुनी जानी चाहिए। उन्होंने रैली में 20 लाख लोगों के जुटने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब रामलीला मैदान की क्षमता लगभग 25 से 50 हजार लोगों की है, तो वहां 20 लाख लोग कैसे आ सकते हैं?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से जुड़े बयान पर प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यूसीसी हमेशा से भाजपा सरकार के एजेंडे में रहा है। कई राज्यों में इसे लागू भी किया जा चुका है। उन्होंने सवाल किया कि समान नागरिक संहिता से किसी को परेशानी क्यों होनी चाहिए?
उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू होने से सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून की व्यवस्था होगी। समान नागरिक संहिता धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश में भी लागू होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
