‘सिलिकॉन वैली में काम कर रहे हैं यहां के इंजीनियर’, अमेरिकी सांसद ने ईरानी यूनिवर्सिटी हमले पर उठाया सवाल
वाशिंगटन, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान पर सैन्य कार्रवाई का विरोध अमेरिका के सांसद करने लगे हैं। स्कूली बच्चों से लेकर विश्वविद्यालयों को निशाना बनाने पर लोग जितना दुखी हैं उतना ही नाराज भी। इन्हीं में से एक डेमोक्रेट सांसद यासमिन अंसारी हैं। अंसारी ने सोमवार तड़के शरीफ यूनिवर्सिटी पर किए हमले की निंदा की है।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने पूछा है कि आखिर ईरान की शरीफ यूनिवर्सिटी को निशाना क्यों बनाया गया? उन्होंने इस विश्वविद्यालय की खासियत भी बताई है।
एक्स पर एक छोटी वीडियो क्लिप साझा करते हुए एरिजोना की कांग्रेस सदस्य यासमिन ने लिखा, "शरीफ यूनिवर्सिटी ईरान की एमआईटी जैसी है और यहां से पढ़े कई इंजीनियर सिलिकॉन वैली में बड़ी टेक कंपनियां खड़ी कर चुके हैं।"
ईरानी मूल की अंसारी ने सवाल पूछा, "इतने बड़े शहर में एक शिक्षा संस्थान को निशाना क्यों बनाया गया?"
इससे पहले ईरानी मीडिया ने दावा किया था कि शरीफ यूनिवर्सिटी परिसर को अमेरिका-इजरायली हमले में काफी नुकसान पहुंचा है।
अंसारी के पिता 1970 के दशक में ईरान छोड़कर अमेरिका चले आए थे। यहीं से उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। वहीं उनकी मां भी 1981 में 17 साल की थीं जब अमेरिका चली आई थीं।
तेहरान स्थित शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, ईरान के शीर्ष विज्ञान और इंजीनियरिंग संस्थानों में से एक मानी जाती है। सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी के अनुसार सोमवार तड़के यूनिवर्सिटी पर बम बरसाए गए, जिससे इसको काफी नुकसान पहुंचा है।
1966 में (आर्यमेहर यूनिवर्सिटी के रूप में) स्थापित, शरीफ ईरान के वैज्ञानिक और शैक्षणिक जीवन का एक स्तंभ रहा है।
बताया जा रहा है कि इस हमले से विश्वविद्यालयों की इमारतों और एक नेचुरल गैस डिस्ट्रिब्यूशन साइट को नुकसान पहुंचा, जिससे आस-पास के इलाकों में गैस की सप्लाई बाधित हो गई। आईआरआईबी ने तेहरान के डिस्ट्रिक्ट 9 प्रमुख के हवाले से बताया, "इस हमले में यूनिवर्सिटी का गैस स्टेशन निशाना बना और शरीफ इलाके में हमें कुछ समय के लिए गैस की किल्लत का सामना करना पड़ा।"
ईरानी मीडिया ने बताया कि पूरी रात कई धमाके हुए और घंटों तक बीच-बीच में कम ऊंचाई पर उड़ते लड़ाकू विमानों की आवाज सुनाई देती रहीं। फिलहाल यूनिवर्सिटी कैंपस में कोई छात्र मौजूद नहीं है, क्योंकि संघर्ष के चलते पूरे देश में पढ़ाई ऑनलाइन हो रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 April 2026 3:07 PM IST












