एसआईआर विवाद पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन का सवाल, भाजपा सीईसी को बचाने के लिए बेताब क्यों?
नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। एसआईआर विवाद पर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए बेताब क्यों है। उन्होंने एसआईआर विवाद पर सीएम योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जाहिर करते समय ये बातें कहीं।
समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा," जहां तक चुनाव आयोग की बात है, पहले समाजवादी पार्टी या कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग के काम करने के तरीके की आलोचना करती थीं, लेकिन अब मुख्य चुनाव आयुक्त के दो सहयोगियों ने उन पर आरोप लगाया है कि वे उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज करके एकतरफा फैसले लेते हैं।"
उन्होंने कहा कि मैं यह जानना चाहता हूं कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ जो शिकायत हुई है, उस पर भाजपा क्यों बेताब है। इसका सीधा मतलब हम मानकर चलें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने जो कुछ किया है, वो भाजपा के इशारे पर किया है, इसलिए बौखलाए हैं।
सपा नेता ने कहा कि कुल मिलाकर पूरी दुनिया में संदेश चला गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के काम करने का तरीका पारदर्शी और निष्पक्ष नहीं था। देश का वह नागरिक जो किसी दल में नहीं है, वह कह रहा है कि चुनाव आयोग भ्रष्ट है। भाजपा के पास लोगों को परेशान करने के लिए कई तरह के हथियार हैं।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय को पुलिस की क्लीनचिट मिलने पर सपा नेता ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह बड़े लोगों को बचाने की कोशिश है। उत्तर प्रदेश की एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है तो जांच सही हो ही नहीं सकती है।
इंडी अलायंस की बैठक पर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "हम इंडी अलायंस का हिस्सा हैं। समाजवादी पार्टी के लोग जरूर शामिल होंगे। अगर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व्यस्त हैं, तो पार्टी का प्रतिनिधित्व जरूर होगा और वे अपनी तरफ से लोगों को भेजेंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 10:56 PM IST












