'केजरीवाल मानसिक रूप से बीमार', दिल्ली सरकार के मंत्री सिरसा का जोरदार तंज
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि वे मानसिक रूप से बीमार हो चुके हैं।
सिरसा ने अरविंद केजरीवाल के ई20 के खिलाफ नेशनल टाउन हॉल कार्यक्रम करने पर निशाना साधा।
सिरसा ने कहा कि दिल्ली का विधानसभा चुनाव हारने के बाद अरविंद केजरीवाल बौखला गए हैं और अभी भी अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। जरा उस व्यक्ति के बारे में सोचिए, जो कभी विधानसभा में खड़े होकर कहता था कि उसे हराने के लिए दोबारा जन्म लेना पड़ेगा। सोचिए कि अब वह किस तरह के मानसिक दबाव में होंगे। उनकी सेहत ठीक नहीं है। झूठ-बेईमानी करके शीशमहल बनाने वाले आदमी को अब लगता है कि मैं सत्ता के बिना कैसे रहूंगा, लेकिन आदत पड़ जाएगी।
आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में आरोपी ताहिर हुसैन को सजा सुनाए जाने पर सिरसा ने कहा कि अच्छा होता अगर अरविंद केजरीवाल को भी सजा मिलती, क्योंकि असल में वही आम आदमी पार्टी के मास्टरमाइंड हैं। सत्ता के नशे में 'आप' ने दिल्ली में यह नरसंहार करवाया, ठीक वैसे ही जैसे कांग्रेस ने 1984 में किया था और फिर आरोपियों को बचाने की कोशिश की थी। उसी तरह, अरविंद केजरीवाल भी ताहिर हुसैन को बचाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद केजरीवाल उन्हें बचा नहीं पाए और कोर्ट ने उन्हें सजा दी है। मेरा मानना है कि उन्हें मौत की सजा दी जानी चाहिए थी ताकि एक बड़ा संदेश जाता। आज ताहिर हुसैन को एहसास हो रहा होगा कि लालच में आकर और अरविंद केजरीवाल की बातों को मानकर ही यह नरसंहार हुआ, और अब उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने दिल्ली लक्ष्मी योजना के बारे में कहा कि यह दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बहुत बड़ा तोहफा है। चुनावों के दौरान, प्रधानमंत्री और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस योजना का वादा किया था। अब दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल के लॉन्च के साथ ही वह वादा पूरा हो गया है। मैं उन सभी महिलाओं से अनुरोध करता हूं, जो इस योजना के लिए पात्र हैं और इसकी शर्तों को पूरा करती हैं, वे जल्द से जल्द अपना आवेदन जमा करें। मैं सभी को यह भी बताना चाहता हूं कि भाजपा विधायकों ने आवेदन प्रक्रिया में महिलाओं की मदद के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र के कार्यालयों में अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए हैं। पात्र लाभार्थी पंजीकरण पूरा करने और योजना के तहत 2,500 की मासिक आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए अपने स्थानीय विधायक के कार्यालय भी जा सकती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Aug 2026 9:20 PM IST












