स्मैट 2026 दिल्ली ने हरियाणा को 43 रनों से हराया, मुंबई, केरल और बड़ौदा ने दर्ज की आसान जीत

स्मैट 2026  दिल्ली ने हरियाणा को 43 रनों से हराया, मुंबई, केरल और बड़ौदा ने दर्ज की आसान जीत
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) 2026 में रविवार को दिल्ली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 43 रनों से हराया। वहीं, मुंबई, केरल और बड़ौदा ने भी शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की।

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) 2026 में रविवार को दिल्ली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 43 रनों से हराया। वहीं, मुंबई, केरल और बड़ौदा ने भी शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की।

दिल्ली बनाम हरियाणा: ग्रुप बी के मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 232 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। टीम की ओर से तेजस्वी दहिया ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 36 गेंदों में 95 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 9 छक्के लगाए। वहीं, कप्तान प्रियांश आर्या ने 40 गेंदों में 62 रन बनाए। हालांकि, हरियाणा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से सर्वाधिक 33 रन सुमित कुमार ने बनाए। सुयश शर्मा ने 31 रन देकर 3 विकेट झटके।

मुंबई बनाम छत्तीसगढ़: ग्रुप डी के मुकाबले में मुंबई ने दमदार खेल दिखाते हुए छत्तीसगढ़ को 9 विकेट से रौंदा। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की पूरी टीम 18.2 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की ओर से कप्तान विकल्प तिवारी ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। मुंबई की ओर से गेंदबाजी में शिवम दुबे ने 21 रन देकर 3 विकेट झटके। मुंबई ने 160 रनों के लक्ष्य को सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। अंगकृष रघुवंशी ने 63 गेंदों में 84 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि हार्दिक तमोर ने 34 गेंदों में 42 रन बनाए। मुशीर खान 29 रन बनाकर नाबाद रहे।

केरल बनाम पुडुचेरी: ग्रुप सी के मैच में केरल ने पुडुचेरी को 18 रनों से हराया। पहले बैटिंग करते हुए केरल ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 204 रन बनाए। टीम की तरफ से मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 48 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। रोहन कुन्नुम्मल ने 35 गेंदों में 59 रन बनाए। विष्णु विनोद ने 19 गेंदों में 34 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में पुडुचेरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 186 रन ही बना सकी। टीम के लिए प्रसाद पवार ने 41 गेंदों में 67 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

बंगाल बनाम बड़ौदा: ग्रुप ए के मैच में बड़ौदा ने बंगाल को 4 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 172 रन लगाए। टीम की तरफ से अभिमन्यु ईश्वरन ने 46 गेंदों में 78 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, बड़ौदा की टीम 173 रनों के लक्ष्य को 18.3 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल करने में सफल रही। टीम की ओर से जितेश शर्मा ने 29 गेंदों में सर्वाधिक 54 रन बनाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story