स्मैट 2026 परमेश्वरन शिवरामन ने खेली आतिशी पारी, पुडुचेरी ने मध्य प्रदेश को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराया

मोहाली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के ग्रुप सी मुकाबले में पुडुचेरी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को 2 विकेट से हराया। पुडुचेरी ने मध्य प्रदेश से मिले 158 रनों के लक्ष्य को 2 गेंद शेष रहते हुए हासिल किया।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुडुचेरी टीम को वेदांत भारद्वाज और राघवन राममूर्ति ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। वेदांत 22 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, राघवन 14 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद सारांश जैन का शिकार बने। पुगझेंडी आकाश 11 रन ही बना सके, जबकि कप्तान अमन खान बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
विकेटकीपर बल्लेबाज गौतम दिलीप शास्त्री ने 32 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। राघव गोयल 7 रन बनाकर रन आउट हुए। सागर त्रिवेदी एक रन ही बना सके। परमेश्वरन शिवरामन ने अंत के ओवरों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 46 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और तीन छक्के लगाए और टीम को जीत दिलाकर लौटे। मध्य प्रदेश की तरफ से गेंदबाजी में शिवांग कुमार ने 4 ओवर के स्पेल में 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, आवेश खान और सारांश जैन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 157 रन बनाए। मध्य प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अंकुश सिंह महज 9 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शिवांग कुमार भी 9 रन बनाने के बाद आउट हुए। सारांश जैन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। कप्तान रजत पाटीदार पुडुचेरी के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते दिखाई दिए और 17 गेंदों में 18 रन ही बना सके।
राहुल बाथम ने 21 गेंदों में 24 रन बनाए। रितिक टाडा ने 10 रनों का योगदान दिया। वहीं, मंगेश यादव एक रन ही बना सके। पुडुचेरी की ओर से गेंदबाजी में प्रणय सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर के स्पेल में 29 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। राघव गोयल और बादल रावत ने एक-एक विकेट चटकाया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
