सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को एनटीए ने बताया फर्जी, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को एनटीए ने बताया फर्जी, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
नीट (यूजी) 2026 को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का एनटीए ने संज्ञान लिया है। टेस्टिंग एजेंसी ने इस वीडियो का फर्जी बताया है।

नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। नीट (यूजी) 2026 को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का एनटीए ने संज्ञान लिया है। टेस्टिंग एजेंसी ने इस वीडियो का फर्जी बताया है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोशल मीडिया पर एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि एनटीए का ध्यान नीट (यूजी) 2026 के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक फर्जी वीडियो की ओर आकर्षित हुआ है। यह वीडियो फर्जी है और इसमें किए गए दावे झूठे हैं। परीक्षा आज व्यापक सुरक्षा और निगरानी के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

एनटीए की तरफ से कहा गया कि छात्रों को धोखा देने या भयभीत करने के उद्देश्य से इस तरह की गलत सूचना का निर्माण और जानबूझकर प्रसार करना एक गंभीर अपराध है। एनटीए, I4सी और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से, इस सामग्री को उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।

हम छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अपील करते हैं कि वे केवल ऑफिशिल वेबसाइट और एनटीए के आधिकारिक लिंक के माध्यम से ही जानकारी सत्यापित करें और इस तरह की सामग्री को आगे न फैलाएं। हमारे 20 लाख से अधिक उम्मीदवारों को एक शांत और निष्पक्ष प्रक्रिया का अधिकार है।

वहीं, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने रविवार को नीट री-एग्जाम के सफल आयोजन को लेकर जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की संख्या, परीक्षा के परिणाम, काउंसलिंग प्रक्रिया और छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए उठाए गए कदमों पर बात करते हुए कहा कि यह परीक्षा बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आयोजित की गई, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारों सहित विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

अभिषेक सिंह ने कहा कि पिछली परीक्षा रद्द होने के बाद मात्र 37 दिनों के भीतर देशव्यापी स्तर पर दोबारा परीक्षा आयोजित करना एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने बताया कि इस कार्य में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, सुरक्षा एजेंसियों, अर्धसैनिक बलों, रेलवे, वायुसेना, शिक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय सहित कई संस्थानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि अभिभावकों, विद्यार्थियों, शैक्षणिक संस्थानों, परीक्षा केंद्रों, शिक्षकों, निरीक्षकों और केंद्र अधीक्षकों के सहयोग से यह परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की जा सकी।

री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस बार कुछ छात्रों की संख्या स्वाभाविक रूप से कम रही, क्योंकि कई विद्यार्थियों ने अन्य कॉलेजों या विकल्पों की ओर रुख कर लिया था। उन्होंने बताया कि देशभर में 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों में 14 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। उनके अनुसार इतनी बड़ी संख्या में परीक्षा का शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Jun 2026 12:08 AM IST

Tags

Next Story