सोनल दिनुशा बने अगस्त महीने के 'प्लेयर ऑफ द मंथ', भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दमदार रहा था प्रदर्शन

सोनल दिनुशा बने अगस्त महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ, भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दमदार रहा था प्रदर्शन
श्रीलंका के उभरते हुए ऑलराउंडर सोनल दिनुशा को आईसीसी ने अगस्त महीने का मेंस 'प्लेयर ऑफ द मंथ' खिलाड़ी चुना है। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में पहली बार यह अवॉर्ड जीता है।

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका के उभरते हुए ऑलराउंडर सोनल दिनुशा को आईसीसी ने अगस्त महीने का मेंस 'प्लेयर ऑफ द मंथ' खिलाड़ी चुना है। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में पहली बार यह अवॉर्ड जीता है।

भारत के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज (डब्ल्यूटीसी) से पहले श्रीलंका के लिए सिर्फ तीन टेस्ट मैच खेलने वाले इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने दो मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए। दिनुशा ने सीरीज का अंत 140 की बेमिसाल औसत से 420 रन बनाने के साथ किया था, जिसमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा था।

अपनी हालिया उपलब्धि के बारे में बात करते हुए दिनुशा ने कहा, "यह सम्मान मेरे लिए बहुत मायने रखता है, खासकर मेरे करियर की शुरुआत में ही, और मैं इस सम्मान के लिए आईसीसी का सचमुच आभारी हूं।" भले ही भारत के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन दिनुशा ने पहली पारी में 100 और दूसरी पारी में 84 रन बनाए थे।

वहीं,दूसरे टेस्ट में जब मेजबान टीम सीरीज में क्लीन स्वीप से बचने के लिए संघर्ष कर रही थी, तब दिनुशा ने दोनों पारियों में शतक (103 और नाबाद 133) लगाकर मैच को यादगार ड्रॉ में बदला। दिनुशा ने आगे कहा, "भारत के खिलाफ खेली गई सीरीज मेरे दिल में हमेशा एक खास जगह रखेगी। तीन शतक लगाना एक सपना सच होने जैसा था, और कोलंबो और गाले में अपने घरेलू दर्शकों के सामने इन्हें बनाना इसे और भी खास बनाता है। हालांकि, हमें वह नतीजा नहीं मिला जिसकी हमें उम्मीद थी, लेकिन दूसरे मैच में हमारी टीम ने जिस तरह से वापसी की, उससे हमारी टीम का जज्बा, भरोसा और दृढ़ संकल्प दिखाई दिया। मुझे गर्व है कि मैंने अपने साथियों के साथ मिलकर वह संघर्ष किया।"

दिनुशा ने पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ हुई घरेलू सीरीज में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इस ऑलराउंडर ने बहुत कम समय में ही टेस्ट क्रिकेट में अपनी टीम के लिए खेलते हुए बड़ा प्रभाव डाला है, और वह इस उपलब्धि को हल्के में नहीं लेते। उन्होंने कहा, "श्रीलंका का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए एक सम्मान की बात है जिसे मैं कभी हल्के में नहीं लेता, और यह पहचान मुझे सीखते रहने, बेहतर बनने और टीम में योगदान देने के लिए और भी ज्यादा प्रेरित करती है। मैं आने वाले महीनों और वर्षों में श्रीलंका के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता रहूंगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Sept 2026 3:11 PM IST

Tags

Next Story