सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने पर राजा के परिवार का छलका दर्द, बोले- हाईकोर्ट में करेंगे अपील
इंदौर, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलॉंग कोर्ट से मंगलवार को जमानत मिल गई। इस बहुचर्चित मामले में ताजा घटनाक्रम ने कई लोगों को हैरान कर दिया है।
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने अदालत द्वारा सोनम रघुवंशी को जमानत दिए जाने की खबरों की पुष्टि की है। विपिन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "उन्होंने वकील से बात की तो उन्होंने बताया कि सोनम को जब गाजीपुर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था तो गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई थी। इसी आधार पर कोर्ट ने सोनम को जमानत दी है। अब हाई कोर्ट में सोनम की जमानत खारिज करने के लिए अपील दायर करेंगे।"
राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने कहा, "हमें कानून पर पूरा भरोसा था, फिर भी सोनम को जमानत दे दी गई। सरकार को सोनम को नहीं छोड़ना चाहिए था, बल्कि उसे फांसी देनी चाहिए थी। गोविंद रघुवंशी पूरे मामले का मास्टरमाइंड है। गोविंद ने पैसा देकर सबको खरीद लिया है और जमानत में भी मदद की है। सोनम रघुवंशी अगर माफी मांगने भी इंदौर आती है तो उसे माफ नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि सोनम रघुवंशी को आखिर जमानत कैसे मिल गई, जब वह गुनहगार है? सोनम ने अपने पति को अपनी आंखों के सामने मरवाया था, तो जमानत किस आधार पर मिल गई? हमें तो भरोसा था कि इंसाफ मिलेगा, लेकिन नहीं मिला। प्रधानमंत्री से मांग की है कि सीबीआई की जांच कराई जाए। सोनम किसी के साथ मिलकर कुछ भी कर सकती है, इसलिए उनके परिवार को खतरा है।"
बता दें कि राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई 2025 को हनीमून मनाने शिलांग गए थे। यहां से दोनों 26 मई को सोहरा घूमने गए, जहां दोनों लापता हो गए थे। पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब एक हफ्ते बाद 2 जून 2026 को राजा का शव सोहरा के मशहूर वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला था। राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप पत्नी सोनम, राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर लगे हैं। हालांकि इन सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 April 2026 11:57 PM IST












