सोने की तस्करी करने वाले इंटरनेशनल गिरोह का डीआरई ने किया पर्दाफाश, 6 तस्कर मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार
मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी करने वाले एक इंटरनेशनल गिरोह का पर्दाफाश किया है। डीआरआई ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई से गुरुवार को 6 लोगों को गिरफ़्तार किया है, जिनमें फिलीपींस के तीन नागरिक शामिल हैं।
आरोप है कि यह गिरोह एयरपोर्ट पर काम करने वाले प्राइवेट कर्मचारियों की मिलीभगत से चलाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भांडुप के रहने वाले हिमांशु उपाध्याय (25), कुर्ला के रहने वाले मोहिद हसन सिद्दीकी (32) और फ़िरोज़ सैयद (47), और फिलीपींस के नागरिक लाकिम अलीमुदिन नासेर (35), बेनी लॉयड ओलिवो (35) और क्रिस्टीन जॉय अंदाया पोर्नास्डोरो (35) के रूप में हुई है।
पकड़े यात्रियों ने डीआरई को बताया कि वे सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह के लिए काम कर रहे थे। यह गिरोह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मुंबई में काम करने वाले कुछ लोगों की मदद से दुबई और बैंकॉक से ट्रांज़िट यात्रियों के जरिए मुंबई में सोना तस्करी करता था।
इसके पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई जोनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर 2.128 किलोग्राम कोकीन जब्त की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 10.65 करोड़ रुपये है।
डीआरआई के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर 5 जुलाई को की गई। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि नैरोबी के रास्ते सिएरा लियोन की राजधानी फ्रीटाउन से मुंबई पहुंचने वाली एक महिला यात्री मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो सकती है। सूचना मिलने के बाद डीआरआई की टीम ने यात्री के भारत पहुंचते ही उसे जांच के लिए रोका।
प्रारंभिक जांच के दौरान महिला के ट्रॉली बैग को एक्स-रे मशीन से स्कैन किया गया। स्कैनिंग के दौरान बैग के धातु के हैंडल में असामान्य वस्तु होने का संदेह हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने बैग के मेटल हैंडल को अलग कर उसे काटकर देखा। जांच में हैंडल के भीतर बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखे गए 17 बेलनाकार पैकेट बरामद हुए। फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर यह पदार्थ कोकीन निकला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 July 2026 12:54 PM IST












