सोनीपत के हलालपुर में दो कैंटरों की टक्कर में दो की मौत, केबिन काटकर निकाला गया शव
सोनीपत, 30 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के सोनीपत में मंगलवार तड़के यूईआर-2 पर हलालपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे चल रहे कैंटर का अगला केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों व्यक्ति अंदर ही फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। अचानक किसी कारण से पीछे चल रहा कैंटर आगे चल रहे वाहन से जा टकराया। टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खरखौदा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे दोनों व्यक्तियों को बाहर निकालना पुलिस और राहत दल के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। लोहे के मलबे को काटकर और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। दोनों के पास से मिले दस्तावेजों और कैंटर के नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतकों की शिनाख्त की जा सके। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, सोनीपत भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या वाहन पर नियंत्रण खोने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना में किसी तकनीकी खराबी या सड़क की स्थिति की भी कोई भूमिका रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खरखौदा थाना पुलिस हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है, शुरूआती जांच में नींद लगने की बाद सामने आई है। सही रिपोर्ट के लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जो घटना स्थल पर मौजूद लोगों और आस-पास की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करेगी और मृतकों की पहचान की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Jun 2026 12:42 PM IST












